- रामगढ़ जिले के बरलंगा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 15 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण कर अर्पित करेंगे श्रद्धांजलि
Shibu Soren First Death Anniversary : झारखंड आंदोलन के प्रणेता और दिशोम गुरु पद्मभूषण शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि 4 अगस्त को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर रामगढ़ जिले के बरलंगा स्थित लुकैयाटांड़ शहीद स्मारक परिसर में राज्य स्तरीय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
15 फीट ऊंची प्रतिमा का होगा अनावरण
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुबह 11 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। यहां वे शहीद स्मारक परिसर में स्थापित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 15 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे।
सरकारी योजनाओं की सौगात भी देंगे मुख्यमंत्री
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण करेंगे। साथ ही राज्य के विभिन्न विकास कार्यों का ऑनलाइन शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। प्रशासन ने आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
रांची समाहरणालय में लगेगा रक्तदान शिविर
दिशोम गुरु की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर रांची समाहरणालय में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वेच्छा से रक्तदान करने तथा दूसरों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान के समान है और इस सेवा कार्य में भागीदारी ही दिशोम गुरु शिबू सोरेन को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसे भी पढ़ें : RRB Exam Special Train : आरआरबी परीक्षार्थियों के लिए टाटानगर से स्पेशल ट्रेन, जानें पूरा शेड्यूल


