JAC 12Result 2026 : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में जमशेदपुर के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (सीएम एसओई) बीपीएम बर्मामाइंस ने अपनी उत्कृष्टता का लोहा मनवाया है। विद्यालय ने विज्ञान (Science) और कला (Arts) संकाय में 100 प्रतिशत सफलता दर हासिल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वहीं, वाणिज्य (Commerce) संकाय में भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा है। विद्यालय के इस शानदार परिणाम से छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में हर्ष का माहौल है।
विज्ञान संकाय: तनु कुमारी ने 91.6% अंकों के साथ किया टॉप
विज्ञान संकाय में विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इस वर्ष विज्ञान की परीक्षा में कुल 66 छात्र शामिल हुए थे और सभी 66 छात्रों ने सफलता प्राप्त की है। मेधावी छात्रा तनु कुमारी ने 91.6% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। वहीं, अनुष्का कुमारी 88.8% अंकों के साथ दूसरे और अनामिका कुमारी 87.6% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। विद्यालय के विज्ञान संकाय की यह उपलब्धि शिक्षकों के सटीक मार्गदर्शन और छात्रों की कड़ी मेहनत का परिणाम मानी जा रही है।
कला संकाय: सोनम कुमारी ने लहराया परचम
कला संकाय में भी विद्यालय के सभी 76 परीक्षार्थियों ने सफलता का परचम लहराया है, जिससे यहाँ का पास प्रतिशत 100% रहा। टॉपरों की सूची में सोनम कुमारी 82.2% अंकों के साथ पहले पायदान पर रहीं। ममता कुमारी ने 81.8% अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान और हीना कुमारी ने 80.4% अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। कला संकाय के विद्यार्थियों के इस संतुलित और बेहतरीन प्रदर्शन ने विद्यालय के गौरव को और बढ़ाया है।
वाणिज्य संकाय: नीतीश कुमार बने विद्यालय टॉपर
वाणिज्य संकाय में भी विद्यालय का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। यहाँ कुल 62 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 60 छात्र सफल रहे। वाणिज्य संकाय का कुल पास प्रतिशत 96.77% दर्ज किया गया। नीतीश कुमार ने 86% अंकों के साथ संकाय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उनके बाद खुशी कुमारी व अंजलि कुमारी 77.2% अंकों के साथ दूसरे और अभिषेक कुमार 74.8% अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे हैँ।
विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई
विद्यालय के इस शानदार परीक्षा परिणाम पर प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विद्यालय लगातार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर संसाधनों के माध्यम से छात्रों को निखारने का काम कर रहा है। टॉपर्स ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और अपने माता-पिता के निरंतर सहयोग को दिया है।
Also Read: Jharkhand News: कमलेश हत्याकांड का खुलासा: अवैध संबंध बना हत्या की वजह, तीन गिरफ्तार



