spot_img
spot_img
Homeबड़ी खबरेंJharkhand News: टाटानगर स्टेशन पर बड़ा हादसा: हाई वोल्टेज तार की चपेट...

Related Posts

Jharkhand News: टाटानगर स्टेशन पर बड़ा हादसा: हाई वोल्टेज तार की चपेट में आया युवक, हालत नाजुक

  • मालगाड़ी पर चढ़ने की कोशिश पड़ी भारी, 25 हजार वोल्ट के ओवरहेड वायर से झुलसा युवक

Jamshedpur: रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मचा दी। प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ने की कोशिश कर रहा एक युवक हाई वोल्टेज ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार की चपेट में आ गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।

25 हजार वोल्ट के तार से हुआ जोरदार धमाका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 11:07 बजे की है। युवक अचानक प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे करीब 25 हजार वोल्ट के हाई टेंशन ओवरहेड वायर के संपर्क में आ गया। तार के संपर्क में आते ही तेज धमाका हुआ और चिंगारियों के साथ युवक आग की लपटों में घिर गया। कुछ ही सेकंड में वह गंभीर रूप से झुलसकर नीचे गिर पड़ा। इस भयावह घटना को देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई और प्लेटफॉर्म पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), सरकारी रेल पुलिस (GRP) और रेलवे के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवक का शरीर काफी हद तक झुलस चुका है और उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जांच जारी

घटना के बाद रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है। आरपीएफ और जीआरपी स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक स्टेशन परिसर में कैसे पहुंचा और मालगाड़ी पर चढ़ने के पीछे उसकी क्या मंशा थी। आरपीएफ थाना प्रभारी राकेश मोहन ने बताया कि घायल युवक का इलाज जारी है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

रेलवे की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों या मालगाड़ियों पर चढ़ने की कोशिश न करें। हाई वोल्टेज ओवरहेड तार बेहद खतरनाक होते हैं और छोटी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

Also Read: ​JAC 12th Result 2026 : झारखंड बोर्ड इंटरमीडिएट के नतीजे घोषित, बेटियों ने फिर मारी बाजी; राशिदा नाज बनीं स्टेट टॉपर

Latest Posts