JAC 12th Result 2026 : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने आज कक्षा 12वीं (इंटरमीडिएट) के तीनों संकाय- विज्ञान, कला और वाणिज्य के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष के परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि झारखंड की बेटियां किसी से कम नहीं हैं। छात्राओं ने न केवल उत्तीर्ण प्रतिशत में लड़कों को पीछे छोड़ा, बल्कि तीनों स्ट्रीम में स्टेट टॉपर बनने का गौरव भी हासिल किया है।
साइंस में राशिदा नाज का कमाल, 489 अंकों के साथ प्रदेश में प्रथम
विज्ञान संकाय (Science) में राशिदा नाज ने 489 अंकों के साथ पूरे प्रदेश में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर एमडी फैजान आलम (483 अंक) रहे, जबकि आकांक्षा कुमारी और सना आफरीन ने 481-481 अंक साझा करते हुए संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। आंकड़ों की बात करें तो विज्ञान संकाय का कुल पास प्रतिशत 82.92% रहा।
आर्ट्स व कॉमर्स में भी बेटियों का दबदबा
कला संकाय (Arts) में छोटी कुमारी ने 478 अंकों के साथ टॉप किया है। उनके बाद अंकित कुमार (474) दूसरे और अंशु कुमारी (473) तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, वाणिज्य संकाय (Commerce) में स्वेता प्रसाद ने 478 अंकों के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। कृष कुमार बर्नवाल (472) दूसरे और प्रियंशी खत्री (471) तीसरे पायदान पर रहीं। पास प्रतिशत के मामले में आर्ट्स ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 96.14% का आंकड़ा छुआ, जबकि कॉमर्स का पास प्रतिशत 93.37% रहा।
छात्राओं ने लड़कों को पछाड़ा
झारखंड बोर्ड इंटर के परिणामों में लिंग-वार प्रदर्शन देखें तो छात्राओं का दबदबा साफ नजर आता है। परीक्षा में शामिल कुल 85,104 लड़कों में से 81,144 सफल रहे, जिनका उत्तीर्ण प्रतिशत 95.34% रहा। इसके विपरीत, कुल 1,25,991 छात्राएं परीक्षा में बैठी थीं, जिनमें से 1,21,814 सफल रहीं। छात्राओं का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 96.68% रहा, जो लड़कों की तुलना में बेहतर है।
डिजीलॉकर पर लाइव हुआ स्कोरकार्ड, ऐसे करें डाउनलोड
झारखंड बोर्ड के अध्यक्ष के निर्देशानुसार, छात्रों की सुविधा के लिए मार्कशीट डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दी गई है। छात्र आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ results.digilocker.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
मार्कशीट डाउनलोड करने की प्रक्रिया :
- सबसे पहले डिजीलॉकर की वेबसाइट या ऐप ओपन करें।
- एजुकेशन सेक्शन में जाकर ‘झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC)’ का चुनाव करें।
- अपनी कक्षा और वर्ष (2026) का चयन कर रोल कोड और रोल नंबर दर्ज करें।
- आपकी मार्कशीट स्क्रीन पर प्रदर्शित होगी, इसे भविष्य के संदर्भ के लिए डाउनलोड और सेव कर लें।
Also Read: Jharkhand Crime News: कुजू पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 320 बोतल अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार



