spot_img
spot_img
HomecrimeMango Police Jamshedpur: 64 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 2 गिरफ्तार

Related Posts

Mango Police Jamshedpur: 64 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ 2 गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार के तहत जवाहरनगर फॉरेस्ट एरिया में कार्रवाई, 4.93 ग्राम मादक पदार्थ जब्त

Mango Police Jamshedpur: लौहनगरी जमशेदपुर में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। मानगो थाना क्षेत्र में नशे के काले कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की विशेष टीम ने जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में छापेमारी की। इस दौरान ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में जुटे दो युवकों को रंगेहाथ धर दबोचा गया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से कुल 64 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। जब्त मादक पदार्थ का कुल वजन 4.93 ग्राम आंका गया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 530 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। सिटी एसपी ललित मीणा ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा किया।

Mango Police Jamshedpur को एसएसपी के जरिए मिली थी पुख्ता गुप्त सूचना

सिटी एसपी ललित मीणा ने मीडिया को बताया कि 1 नवंबर की शाम वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-14 स्थित वन क्षेत्र में कुछ असामाजिक तत्व ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री कर रहे हैं। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एक्शन प्लान तैयार किया। उनके निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रात करीब आठ बजे बताए गए ठिकाने की चारों तरफ से घेराबंदी शुरू कर दी।

Mango Police Jamshedpur ने घेराबंदी कर भाग रहे दोनों संदिग्धों को दबोचा

पुलिस बल जब जवाहरनगर रोड नंबर-14 के वन क्षेत्र में बने एक शेड के पास पहुंचा, तो वहां दो युवक खड़े दिखाई दिए। पुलिस वाहन और जवानों को देखते ही दोनों संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे। सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें दबोच लिया। इसके बाद कानूनी नियमों के तहत प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोनों संदिग्धों की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से नशीला पदार्थ और नकद रकम बरामद हुई।

मनमीत सिंह और आनंद राज विद्यार्थी के रूप में हुई दोनों की पहचान

पकड़े गए आरोपितों की पहचान पुलिस ने सार्वजनिक कर दी है। पहला आरोपित 20 वर्षीय मनमीत सिंह है। वह ओलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंवर सिंह रोड, खानकाह के पास का रहने वाला है। उसके पिता का नाम गुरदीप सिंह है। मनमीत सिंह की तलाशी लेने पर उसके पास से 36 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसका कुल वजन 2.82 ग्राम पाया गया। इसके अलावा उसके पास से 310 रुपये नकद मिले। वहीं दूसरा आरोपित 24 वर्षीय आनंद राज विद्यार्थी उर्फ जोंटी है। जोंटी के पास से पुलिस ने 28 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की। इसका कुल वजन 2.11 ग्राम निकला। साथ ही उसके पास से 220 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपित

पुलिस ने दोनों तस्करों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। मानगो थाने में उनके खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कागजी प्रक्रिया और मेडिकल जांच पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इन दोनों के नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि वे यह खेप कहां से लाए थे और किन-किन स्थानीय युवकों को नशा बेचते थे।

छापेमारी टीम में मानगो थाना प्रभारी समेत ये पुलिस पदाधिकारी रहे मौजूद

ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के सौदागरों पर नकेल कसने वाली इस टीम में कई पुलिस अधिकारी और जवान मुस्तैद रहे। इस छापेमारी दल का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) कर रहे थे। टीम में मानगो थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मोहम्मद जफर अली और रविशंकर कुमार शामिल थे। इसके साथ ही सहायक अवर निरीक्षक सुनील कुजूर, आरक्षी बलराम गोप और शहवाज आलम ने भी इस छापेमारी अभियान में सराहनीय भूमिका निभाई।

इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Cyber Police: अवैध सिम रैकेट का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

Latest Posts