- तनावग्रस्त छात्रों के लिए हेल्पलाइन, ईमेल और इन-पर्सन काउंसलिंग की सुविधा उपलब्ध
Jamshedpur: में बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों के दौरान छात्रों में बढ़ती चिंता और मानसिक दबाव को देखते हुए जीवन आत्महत्या निवारण केंद्र ने भावनात्मक सहयोग का दायरा बढ़ा दिया है। संस्था ने छात्रों से अपील की है कि वे अपने परिणाम को लेकर डर, निराशा या अनिश्चितता महसूस कर रहे हैं, तो चुपचाप तनाव झेलने के बजाय समय पर सहायता लें।
गोपनीय और सुरक्षित माहौल में मिलेगी मदद
जीवन के प्रतिनिधियों ने बताया कि परीक्षा परिणाम के समय मानसिक दबाव महसूस करना सामान्य है, लेकिन सही मार्गदर्शन और खुलकर बातचीत से इसे नियंत्रित किया जा सकता है। संस्था के प्रशिक्षित वालंटियर छात्रों की बात गोपनीय और निष्पक्ष वातावरण में सुनने और उन्हें भावनात्मक सहारा देने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
संपर्क के कई विकल्प उपलब्ध
छात्र और जरूरतमंद लोग निम्न माध्यमों से जीवन से जुड़ सकते हैं:
- 📧 ईमेल: [email protected] (24×7 सक्रिय)
- 📱 व्हाट्सएप: 9297777499 / 9297777500 (सुबह 10 बजे – शाम 6 बजे)
- ☎️ हेल्पलाइन कॉल: 9297777499 / 9297777500
इन-पर्सन काउंसलिंग की सुविधा भी
जो लोग आमने-सामने बात करना चाहते हैं, उनके लिए जीवन केंद्र में प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ‘इन-पर्सन बिफ्रेंडिंग’ सेवा उपलब्ध है। यह केंद्र बिष्टुपुर स्थित 25 क्यू रोड पर है, जहां सुरक्षित और सहज माहौल में लोग अपनी समस्याएं साझा कर सकते हैं।
गंभीर तनाव में तुरंत संपर्क की सलाह
संस्था ने विशेष रूप से उन लोगों से तुरंत संपर्क करने की अपील की है, जो गंभीर मानसिक तनाव या भावनात्मक संकट से गुजर रहे हैं। जीवन के प्रतिनिधियों ने कहा कि मदद मांगना कमजोरी नहीं, बल्कि साहस का प्रतीक है।
अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील
संस्था ने छात्रों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों से भी आग्रह किया है कि वे इस संवेदनशील समय में बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें और उन्हें सकारात्मक समर्थन दें।
Also Read: Jharkhand News: महंगाई के खिलाफ 7 मई को झामुमो का महाधरना



