Khunti SIR 2026 : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत खूंटी जिले ने निर्धारित समय से पहले महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मो. जावेद हुसैन के नेतृत्व में खूंटी और तोरपा विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों के शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का काम अंतिम तिथि से एक दिन पहले ही पूरा कर लिया गया।
खूंटी और तोरपा में 100% डिजिटाइजेशन
जिला प्रशासन के मुताबिक, SIR-2026 के तहत खूंटी और तोरपा विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का काम तय समय सीमा से पहले पूरा किया गया है। इस उपलब्धि को निर्वाचन प्रक्रिया को बेहतर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand News : 1 करोड़ का इनामी माओवादी मिसिर बेसरा गिरफ्तार
20 जून से शुरू हुई थी तैयारी
SIR-2026 अभियान के तहत जिले में 20 से 29 जून तक तैयारी, प्रशिक्षण और प्रिंटिंग का काम किया गया। इसके बाद 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए और उन्हें संग्रहित किया। इसी अवधि में मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली गई।
उपायुक्त ने टीम को दी बधाई
समय से पहले लक्ष्य हासिल होने पर उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, BLO, बूथ लेवल एजेंट और अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण, बेहतर समन्वय और लगातार मॉनिटरिंग के कारण शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का लक्ष्य निर्धारित समय से पहले हासिल किया जा सका।
5 अगस्त को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची
जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार SIR-2026 के अगले चरण में 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार 3 अक्टूबर 2026 तक निपटारा किया जाएगा।
7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन प्रक्रिया के सभी निर्धारित चरण पूरे होने के बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आगामी चरणों में भी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : Koderma Road Accident : कोडरमा में स्कॉर्पियो हादसा, पांच घायल


