- प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) सेंट्रल कमेटी का सदस्य है मिसिर बेसरा उर्फ सागर दा
- एक करोड़ के इनामी माओवादी मिसिर बेसरा के खिलाफ झारखंड में दर्ज हैं 141 मामले
- नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, संगठन के दो सक्रिय सदस्यों समेत चार अन्य हिरासत में
Jharkhand Maoist Misir Besra Arrest : झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) (Banned CPI (Maoist) के सेंट्रल कमेटी सदस्य और एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी मिसिर बेसरा उर्फ सागर दा को संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ संगठन के दो सक्रिय सदस्यों समेत कुल चार अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, मिसिर बेसरा के खिलाफ झारखंड में 141 मामले दर्ज हैं।
गिरिडीह-धनबाद सीमा क्षेत्र में हुई गिरफ्तारी
जानकारी के मुताबिक, गिरिडीह-धनबाद सीमा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई से बचने के लिए मिसिर बेसरा अपने सहयोगियों के साथ टाटा मैजिक वाहन से भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान खुफिया सूचना के आधार पर झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने धनबाद के बरवाअड्डा इलाके में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
AK-47 राइफलें बरामद
सुरक्षा बलों ने जिस टाटा मैजिक वाहन से आरोपियों के भागने की कोशिश की जा रही थी, उसकी तलाशी के दौरान तीन एके-47 राइफलें भी बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, मिसिर बेसरा के साथ रीजनल कमेटी सदस्य तुम्बा मांझी, एरिया कमेटी सदस्य बिरेन हांसदा और मंगल मुर्मू एवं दिनेश राय को भी गिरफ्तार किया गया है।
केंद्रीय व राज्य सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ में जुटीं
गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय और राज्य की सुरक्षा एजेंसियां सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान माओवादी संगठन के नेटवर्क और उसकी गतिविधियों से जुड़ी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
झारखंड पुलिस के आईजी (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को गिरफ्तारी की पुष्टि की है। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, मिसिर बेसरा लंबे समय से उनके लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था। वह झारखंड के अलावा बिहार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी सक्रिय रहा है। मिसिर बेसरा पर सुरक्षाबलों पर हमले, हत्या, लेवी वसूली और विस्फोट समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल होने के आरोप हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब उसकी गिरफ्तारी को नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी कामयाबी के तौर पर देख रही हैं।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Dimna Lake Incident : डिमना लेक से MGM के दो जूनियर डॉक्टरों के शव बरामद


