Palamu Flood Alert : पलामू जिले के हुसैनाबाद क्षेत्र में सोन नदी (Son river) का जलस्तर अचानक बढ़ने से प्रशासन ने तटीय गांवों में अलर्ट जारी किया है। नॉर्थ कोयल और अन्य जलाशयों से करीब दो लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़े जाने के बाद नदी का बहाव तेज हो गया है। इससे सोनपुरवा, देवरी खुर्द, देवरी कला, बुधुआ, बड़ेपुर और दंगवार समेत कई गांवों में भूमि कटाव और जलभराव की आशंका बढ़ गई है।
Palamu Flood Alert: तटीय गांवों में चिंता
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से नदी के कटाव से बचाव के लिए तटबंध निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए। स्थानीय किसानों और पशुपालकों को प्रशासन ने चेतावनी दी है कि वे नदी के बीच बने बालू के टीलों को खाली कर सुरक्षित स्थानों पर लौट जाएं। इन टीलों पर परवल, खीरा जैसी मौसमी सब्जियों की खेती होती है और मवेशी भी रखे जाते हैं।
Palamu Flood Alert: प्रशासन की अपील
सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने मंगलवार को कहा कि फिलहाल घबराने की आवश्यकता नहीं है। जलस्तर नियंत्रण में है और स्थिति स्थिर बनी हुई है। हालांकि एहतियातन नदी किनारे रहने वाले लोगों और नदी के बीच खेती करने वालों को अलर्ट किया गया है। प्रशासन ने अपील की है कि लोग निचले इलाकों और कटाव प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी सूचना पर तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर चले जाएं।
बिहार तक असर की संभावना
सोन नदी का बहाव आगे बिहार के रोहतास जिले की ओर जाता है। इंद्रपुरी बराज और अन्य जल स्रोतों से पानी छोड़े जाने का असर रोहतास के सोन तटीय इलाकों पर भी पड़ सकता है। बरसात के मौसम में जलाशयों में पानी बढ़ने के साथ अतिरिक्त पानी को सोन नदी में छोड़ा जाता है। इंद्रपुरी बराज से भी पानी नहरों में छोड़ा जा रहा है, जिससे जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल किसी बड़े खतरे की स्थिति नहीं बताई गई है, लेकिन अचानक वृद्धि की संभावना को देखते हुए सतर्कता बरतना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : Internship Tragedy: जापान में IIT खड़गपुर छात्र की मौत


