Jamshedpur Flood Crisis : लगातार मूसलाधार बारिश के बीच जमशेदपुर के बागबेड़ा क्षेत्र में बाढ़ का पानी करीब 30 घरों में घुस गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दूसरी ओर खरकई नदी (Kharkai River) का जलस्तर खतरे के निशान से 3.08 मीटर ऊपर पहुंच गया है और लगातार बढ़ रहा है। इससे जमशेदपुर और आदित्यपुर के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
Jamshedpur Flood Crisis: खरकई नदी का जलस्तर खतरनाक
बाढ़ नियंत्रण कक्ष की 1 सितंबर 2026 की सुबह 10 बजे की रिपोर्ट के अनुसार, आदित्यपुर स्थित खरकई ब्रिज पर नदी का जलस्तर 132.08 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 129.00 मीटर है। इस तरह खरकई नदी खतरे के निशान से 3.08 मीटर ऊपर बह रही है। लगातार बारिश और पानी की भारी आवक से नदी का दबाव बढ़ता जा रहा है। जिला भाजपा नेता सुबोध झा ने कहा कि बागबेड़ा क्षेत्र में स्थिति बिगड़ती जा रही है और प्रशासन को तत्काल राहत व जलनिकासी की व्यवस्था करनी चाहिए।
Jamshedpur Flood Crisis: गंजिया बैराज के सभी गेट खुले
गंजिया बैराज की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। पानी की भारी आवक को देखते हुए बैराज के सभी 15 गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक बैराज से करीब 4251.74 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे नदी में पानी का दबाव और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों को नदी किनारे और जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है। बच्चों को विशेष रूप से ऐसे स्थानों पर नहीं जाने देने की अपील की गई है।
प्रशासन ने की अपील, रख रहा निगरानी
प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने की सलाह दी है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है। लगातार बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों ने कहा कि राहत और बचाव कार्य के लिए टीमें तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों में भेजी जाएंगी।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Heavy Rainfall: झारखंड में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त


