Jamtara News: क्रेडिट कार्ड बंद कराने व जारी करने के नाम पर बनाते थे शिकार; 6 मोबाइल, 9 सिम और 7 एटीएम बरामद
Jamtara News: साइबर अपराध का गढ़ कहे जाने वाले जामताड़ा जिले में पुलिस को ऑनलाइन ठगी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। जामताड़ा एसपी शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के सुगापहाड़ी में छापेमारी कर दो शातिर साइबर अपराधियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने सुगापहाड़ी रोड किनारे स्थित एक निर्माणाधीन मकान में दबिश देकर दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से 6 मोबाइल फोन, 9 फर्जी सिम कार्ड, 7 एटीएम कार्ड और 1 पैन कार्ड बरामद किया है।
Jamtara News: गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान, दर्ज हुआ केस
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए साइबर ठगों की पहचान वाजिद अंसारी (निवासी- सुगापहाड़ी) और हसबुल अंसारी (निवासी- बरमुंडी) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाने में कांड संख्या 69/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि इन अपराधियों का नेटवर्क सिर्फ झारखंड ही नहीं, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों में फैला हुआ था और ये रोजाना देश के अलग-अलग हिस्सों में भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाते थे।
APK फाइल डाउनलोड करवाकर खाते खाली करते थे ठग
साइबर अपराधियों की कार्यशैली (Modus Operandi) का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) समेत देश के अन्य प्रमुख बैंकों के ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड बंद कराने या नया क्रेडिट कार्ड जारी करने का झांसा देकर फोन पर संपर्क करते थे।
झांसे में लेने के बाद ठग पीड़ितों के मोबाइल फोन पर एक खतरनाक ‘एपीके (APK) फाइल’ डाउनलोड करवाते थे। जैसे ही पीड़ित अपने फोन में उस ऐप को इंस्टॉल करते थे, आरोपियों को उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी हासिल हो जाती थी, जिसके बाद वे खाते से पैसे उड़ा लेते थे।
इस सफल छापेमारी अभियान में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, एसआई नीतीश कुमार, विकास कुमार तिवारी और हवलदार हीरालाल महतो मुख्य रूप से शामिल थे। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
read also:Four State MLC Results: बिहार में RJD का उलटफेर, कर्नाटक में NDA का दबदबा


