Bokaro News: चिकनटांड़ गांव में चल रही थी अवैध शराब फैक्ट्री, पुलिस को देख मौके से फरार हुआ संचालक
Bokaro News: बोकारो जिले के चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दामोदर नदी के किनारे अवैध रूप से संचालित की जा रही महुआ शराब की भट्ठी और मिनी फैक्ट्री को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग पांच क्विंटल (500 किलोग्राम) जावा महुआ बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। हालांकि, पुलिस के आने की भनक लगते ही अवैध शराब फैक्ट्री का मुख्य संचालक मौके से भागने में सफल रहा।
Bokaro News: एसपी को मिली गुप्त सूचना के बाद की गई छापेमारी
चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश कुमार मंडल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक (SP) को गुप्त सूचना मिली थी कि चास मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चिकनटांड़ गांव के पास दामोदर नदी के किनारे अवैध रूप से महुआ शराब की बड़ी भट्ठी संचालित की जा रही है।
इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी प्रकाश कुमार मंडल के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और तुरंत चिन्हित स्थल पर छापेमारी की गई। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, अवैध शराब फैक्ट्री का संचालक पुलिस को देखते ही वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवैध शराब बनाने के लिए रखे गए उपकरणों और लगभग 500 किलोग्राम जावा महुआ को नष्ट कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए इस तरह की सख्त छापामार कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


