Ranchi News: अभिषेक सिंह उर्फ विक्की समेत 10 दोषियों की क्रिमिनल अपील पर सुनवाई; सही जांच न करने वाले IO पर कार्रवाई की मांगी जानकारी
Ranchi News: रांची के कडरू स्थित चर्चित ‘एक्सट्रीम बार’ (Xtreme Bar) के DJ संचालक संदीप प्रमाणिक हत्याकांड मामले में एक नया और महत्वपूर्ण मोड़ आया है। निचली अदालत द्वारा सजा सुनाए जाने के खिलाफ अभिषेक सिंह उर्फ विक्की समेत 10 सजायाफ्ता अभियुक्तों द्वारा दायर क्रिमिनल अपील पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अदालत ने पुलिस की शुरुआती जांच (Initial Investigation) में गंभीर कमियां और लापरवाही पाए जाने पर कड़ी असंतुष्टि और नाराजगी जाहिर की।
हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को 4 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से अदालत के समक्ष तलब किया है। इसके साथ ही कोर्ट ने एसएसपी से यह स्पष्ट जवाब मांगा है कि मामले में ढिलाई और गैर-जिम्मेदाराना ढंग से जांच करने वाले अनुसंधान अधिकारी (IO) के खिलाफ अब तक क्या कोई प्रशासनिक या अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है या नहीं।
Ranchi News: निचली अदालत ने 10 दोषियों को सुनाई थी 9-9 साल की सजा
उल्लेखनीय है कि कडरू एक्सट्रीम बार हत्याकांड में अपर न्याययुक्त शैलेंद्र कुमार की निचली अदालत ने मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की, अशोक कुमार सिंह, मोहम्मद शामिरुद्दीन, प्रतीक, मृत्युंजय कुमार, प्रकाश कुमार, दिवाकर उपाध्याय, अलोक दीवा, पंकज कुमार और सुमित कुमार को दोषी करार दिया था।
अदालत ने इन सभी 10 अभियुक्तों को गैर-इरादतन हत्या (Culpable Homicide Not Amounting to Murder) और आर्म्स एक्ट (Arms Act) की विभिन्न धाराओं के तहत 9-9 साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी और प्रत्येक पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया था। इसी फैसले को चुनौती देते हुए सभी दोषियों ने हाईकोर्ट में क्रिमिनल अपील दाखिल की है।
क्या था कडरू एक्सट्रीम बार हत्याकांड का पूरा मामला?
मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला मृतक संदीप प्रमाणिक रांची के कडरू स्थित एक्सट्रीम बार में बतौर डीजे (DJ) कार्यरत था। 26 मई 2024 की देर रात बार में शराब पीने आए युवकों और बार स्टाफ के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी व मारपीट हुई थी। उस वक्त मामला शांत होने पर आरोपी वहां से चले गए थे, लेकिन बदला लेने की नीयत से मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह अपने सेल सिटी (Sail City) स्थित किराए के मकान से अपनी राइफल लेकर दोस्तों के साथ दोबारा बार पहुंचा।
अभिषेक ने बार में पहुंचकर डीजे संचालक संदीप प्रमाणिक पर अंधाधुंध गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने बार परिसर व पार्किंग एरिया में कई राउंड हवाई फायरिंग की और वाहन से फरार हो गए थे। अगली सुबह रांची एसएसपी व सिटी डीएसपी ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। पूरी वारदात बार में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। हालांकि, अब जांच में कई भौतिक साक्ष्यों (Evidence) की कमी पर हाईकोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है।
READ ALSO:Latehar News: टोरी रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण की मांग को लेकर आजसू का चक्का जाम, एसडीपीओ और अधिकारियों से वार्ता के बाद आंदोलन स्थगित


