Ranchi News: सब्जी खरीदने निकली थी किशोरी; पुलिस मोबाइल लोकेशन व तकनीकी साक्ष्यों के जरिए तलाश में जुटी
Ranchi News: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत जोड़ा तालाब स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी बीते 26 अक्टूबर को अपने घर से पास के बाजार में सब्जी खरीदने के लिए निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी।
काफी खोजबीन के बाद भी जब लड़की का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई। परिजनों का सीधा आरोप है कि जोड़ा तालाब स्थित सत्तार कॉलोनी निवासी जैद खां उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस संबंध में लड़की के पिता ने बरियातू थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
Ranchi News: आरोपी की तलाश में पुलिस की छापेमारी, तकनीकी साक्ष्यों का लिया जा रहा सहारा
मामले की गंभीरता को देखते हुए बरियातू थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल लोकेशन, सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए नाबालिग किशोरी की सकुशल बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है। इसके साथ ही परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की विशेष टीम आरोपी युवक जुनैद खान उर्फ जैद खां की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, आरोपी युवक पूर्व में भी किशोरी को बहला-फुसलाकर ले गया था, हालांकि बाद में लड़की घर वापस लौट आई थी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी को जल्द से जल्द हिरासत में लेकर किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।


