spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJamshedpur Tribal Conclave: सूर्य सिंह बेसरा से बदसलूकी की कड़ी निंदा, उच्चस्तरीय...

Related Posts

Jamshedpur Tribal Conclave: सूर्य सिंह बेसरा से बदसलूकी की कड़ी निंदा, उच्चस्तरीय जांच की मांग

गोपाल मैदान की घटना पर आदिवासी सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष राम सिंह मुंडा ने जताया रोष, आयोजकों को भी ठहराया जिम्मेदार

Jamshedpur Tribal Conclave: लौहनगरी जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित जनजातीय संवाद कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। घाटशिला के पूर्व विधायक, वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी और आजसू के संस्थापक नेता सूर्य सिंह बेसरा के साथ हुई मारपीट एवं बदसलूकी की घटना की चौतरफा निंदा हो रही है। इसी कड़ी में आदिवासी सुरक्षा परिषद जमशेदपुर, झारखंड के अध्यक्ष राम सिंह मुंडा ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक मर्यादाओं पर सीधा हमला बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

Jamshedpur Tribal Conclave: सामान्य विवाद नहीं, गहरी साजिश की ओर इशारा

आदिवासी सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष राम सिंह मुंडा ने एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि एक वरिष्ठ जननेता और झारखंड आंदोलन के प्रमुख चेहरे के साथ सार्वजनिक मंच पर हुआ यह दुर्व्यवहार अत्यंत दुखद और खेदजनक है। उनके अनुसार, गोपाल मैदान में घटी इस घटना को महज एक सामान्य विवाद मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

मुंडा ने आशंका जताई कि जिस तरह से पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया गया, उसके पीछे किसी गहरी और सुनियोजित साजिश से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए इस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच होनी बेहद जरूरी है, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।

Jamshedpur Tribal Conclave: टाटा स्टील फाउंडेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल

राम सिंह मुंडा ने इस कार्यक्रम के आयोजक टाटा स्टील फाउंडेशन की कार्यशैली और जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जब कार्यक्रम में पूर्व विधायक और वरिष्ठ आदिवासी नेता सूर्य सिंह बेसरा को आमंत्रित किया गया था, तो उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना आयोजकों का प्राथमिक दायित्व था।

उनकी गरिमा और कद को देखते हुए सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए था। कार्यक्रम के दौरान हुई मारपीट और कथित हमले की घटना सीधे तौर पर आयोजकों की सुरक्षा व्यवस्था में हुई गंभीर चूक का परिणाम प्रतीत होती है।

दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई, आदिवासी अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

आदिवासी सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष ने झारखंड पुलिस प्रशासन से इस पूरे प्रकरण में त्वरित हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह घटना एक झारखंड आंदोलनकारी नेता के मान, सम्मान और स्वाभिमान पर गहरी ठेस है। पुलिस प्रशासन इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराए और दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करे।

इसके साथ ही यह भी जांच होनी चाहिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किस स्तर पर लापरवाही बरती गई। राम सिंह मुंडा ने दो टूक चेतावनी दी कि झारखंड की अस्मिता, आदिवासी समाज के सम्मान और आंदोलन के इतिहास से जुड़े वरिष्ठ नेता के साथ ऐसी घटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Read also: Ramgarh Tragedy: दामोदर नदी में डूबे दो मासूम, मौत

 

Latest Posts