अनियंत्रित कंपनी बस की टक्कर से हुआ हादसा, पुलिस व प्रशासन की मध्यस्थता के बाद शांत हुआ माहौल
Jamshedpur Statue Damaged: लौहनगरी जमशेदपुर के पारडीह चौक स्थित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और समर्थकों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। हादसा मंगलवार देर रात उस समय हुआ, जब एक कंपनी की तेज रफ्तार बस डिमना चौक की तरफ से आ रही थी। पारडीह चौक के पास अचानक चालक ने बस पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित होकर बस सीधे चौक पर लगी शहीद निर्मल महतो की मूर्ति से जा टकराई। इस जोरदार टक्कर से प्रतिमा खंडित हो गई। घटना की खबर फैलते ही बुधवार सुबह मौके पर स्थानीय लोगों का भारी जमावड़ा लग गया।
Jamshedpur Statue Damaged: पहुंची दो थानों की पुलिस ने शांत कराया मामला
मूर्ति खंडित होने की सूचना मिलते ही इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न होने लगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आजादनगर थाना और मानगो थाना की पुलिस तुरंत दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाला और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया।
इसी बीच संबंधित कंपनी के प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में स्थानीय लोगों और कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच लंबी बातचीत हुई। आपसी सहमति और मध्यस्थता के बाद फिलहाल मामले को शांत करा लिया गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए चौक के आसपास पुलिस बल की निगरानी बढ़ा दी गई है।
Jamshedpur Statue Damaged: पुनर्निर्माण पर होगा फैसला
आगे की रणनीति और मूर्ति के पुनर्निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। जानकारी के अनुसार, इस पूरे मुद्दे पर एक विशेष बैठक बुलाई गई है। बैठक में स्थानीय नागरिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और कंपनी के जिम्मेदार पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में मूर्ति की मरम्मत या नई प्रतिमा की स्थापना को लेकर ठोस निर्णय लिया जाएगा। साथ ही इस बात पर भी चर्चा होगी कि भविष्य में चौक-चौराहों पर लगे स्मारकों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए जाएं।
25 दिसंबर को है जयंती, जल्द निर्माण न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
स्थानीय लोगों और शहीद निर्मल महतो के समर्थकों ने इस घटना को लेकर अपनी भावनाएं और चिंताएं स्पष्ट कर दी हैं। लोगों का कहना है कि आगामी 25 दिसंबर को झारखंड आंदोलन के महानायक शहीद निर्मल महतो की जयंती है। इस दिन पूरे राज्य के साथ-साथ पारडीह चौक पर भी भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।
स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर जल्द ही मूर्ति का दोबारा निर्माण कर उसे सम्मानजनक रूप से तैयार नहीं किया गया, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। ऐसी स्थिति में स्थानीय लोग विशाल स्तर पर प्रदर्शन और आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल सभी की नजरें बुधवार शाम को होने वाली बैठक के फैसले पर टिकी हुई हैं।
Read also: Jamshedpur Fashion Event: 19 दिसंबर को सजेगा ग्लैमर का मंच, कॉउचर वीक व ब्यूटी एक्सपो का आयोजन


