मुंबई को मिलेगी हर साल 308 मिलियन यूनिट स्वच्छ बिजली, कार्बन उत्सर्जन में आएगी बड़ी कमी
Tata Power Project: देश में स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में टाटा समूह ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। टाटा पावर की सहायक कंपनी टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) ने महाराष्ट्र के लातूर जिले स्थित औसा में 100.8 मेगावाट क्षमता की पवन ऊर्जा परियोजना को सफलतापूर्वक चालू कर दिया है। सोमवार को टाटा स्टील की ओर से इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की जानकारी साझा की गई। इस नई परियोजना से तैयार होने वाली अक्षय ऊर्जा की सीधी आपूर्ति टाटा पावर मुंबई डिस्ट्रीब्यूशन (टीपीसी-डी) को की जाएगी। इससे मुंबई महानगर क्षेत्र में स्वच्छ और निर्बाध बिजली की उपलब्धता को बड़ी मजबूती मिलेगी।
Tata Power Project: 28 आधुनिक टर्बाइन से हर साल बनेगी 308 मिलियन यूनिट बिजली
औसा में स्थापित इस पवन ऊर्जा संयंत्र को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। यहां कुल 28 हॉरिजॉन्टल एक्सिस विंड टर्बाइन जेनरेटर लगाए गए हैं। ये सभी टर्बाइन ‘एसजी 3.6-145’ मॉडल के हैं, जिन्हें कम हवा में भी अधिकतम दक्षता के साथ बिजली पैदा करने के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है।
कंपनी के अनुसार, इस परियोजना से हर साल करीब 308 मिलियन यूनिट स्वच्छ बिजली का उत्पादन होने की उम्मीद है। पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से भी यह प्रोजेक्ट बेहद अहम है। इससे सालाना लगभग 2.52 लाख टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान लगाया गया है। यह कदम कम कार्बन वाली ऊर्जा व्यवस्था तैयार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
Tata Power Project: तकनीकी चुनौतियों को पार कर समय पर पूरा किया काम
इस परियोजना को धरातल पर उतारने के दौरान इंजीनियरों के सामने एक बड़ी तकनीकी चुनौती भी आई थी। दरअसल, निर्माण कार्य के बीच में ग्रिड कनेक्टिविटी की योजना में बड़ा बदलाव करना पड़ा। शुरुआत में ईएचवी (एक्स्ट्रा हाई वोल्टेज) लाइन के लिए भूमिगत केबल बिछाने की योजना थी। लेकिन बाद में इसे बदलकर मोनोपोल आधारित व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया।
परियोजना के बीच में हुए इस बदलाव के कारण डिजाइन, उपकरणों की खरीद और निर्माण कार्य में कई जटिलताएं पैदा हो गईं। इसके बावजूद टीपीआरईएल की विंड प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन डिवीजन की टीम ने हार नहीं मानी। टीम ने संशोधित व्यवस्था को बेहद कुशलता से लागू किया और प्रोजेक्ट की तय समयसीमा पर कोई असर नहीं पड़ने दिया। खास बात यह है कि यह टीपीआरईएल के विंड प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन डिवीजन द्वारा किया गया पहला मोनोपोल ईएचवी लाइन इंस्टॉलेशन भी है।
कुल अक्षय ऊर्जा क्षमता बढ़कर हुई 12.1 गीगावाट
औसा पवन ऊर्जा परियोजना के सफल संचालन के साथ ही टीपीआरईएल की कुल अक्षय ऊर्जा यूटिलिटी क्षमता अब बढ़कर 12.1 गीगावाट के स्तर पर पहुंच गई है। कंपनी के कुल पोर्टफोलियो में फिलहाल 7.3 गीगावाट की परियोजनाएं पूरी तरह से चालू हैं।
चालू क्षमता में 5.9 गीगावाट सौर ऊर्जा और 1.4 गीगावाट पवन ऊर्जा की हिस्सेदारी है। इसके अलावा, कंपनी की 4.8 गीगावाट क्षमता वाली अन्य परियोजनाएं अभी निर्माण और क्रियान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं। आने वाले समय में इनके पूरा होने से देश की हरित ऊर्जा क्षमता को और बल मिलेगा।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Theft: छठ घाट गया था परिवार, बंद घर से 15 लाख के गहने चोरी


