साकची जेल चौक के पास डीसी ऑफिस क्लर्क के क्वार्टर में वारदात, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
Jamshedpur Theft: पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में छठ महापर्व के उल्लास के बीच चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। साकची थाना क्षेत्र स्थित जेल चौक के पास एक बंद सरकारी क्वार्टर को निशाना बनाया गया। यह क्वार्टर उपायुक्त (डीसी) कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत बबलू कुमार का है। चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने और एक मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। रविवार शाम हुई इस घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Jamshedpur Theft: सांध्य अर्घ्य देने घाट पर गया था पूरा परिवार
यह वारदात रविवार शाम उस वक्त हुई, जब पूरा शहर छठ पूजा की भक्ति में डूबा हुआ था। क्लर्क बबलू कुमार अपने परिवार के सभी सदस्यों के साथ सांध्य अर्घ्य देने के लिए नदी घाट पर गए हुए थे। घर में कोई नहीं था और क्वार्टर बाहर से बंद था।
चोरों ने इसी सन्नाटे और मौके का फायदा उठाया। वे बंद क्वार्टर का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए। घर के अंदर रखे सोने के कीमती आभूषण और एक मोबाइल फोन समेट कर वे आसानी से फरार हो गए।
Jamshedpur Theft: घर लौटने पर बिखरा मिला सारा सामान
नदी घाट पर भगवान भास्कर को अर्घ्य देने और पूजा संपन्न होने के बाद परिवार के लोग वापस अपने क्वार्टर लौटे। घर पहुंचते ही उनके होश उड़ गए। मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और अंदर का नजारा बेहद डरावना था।
कमरे के भीतर अलमारी और बक्सों का सारा सामान जमीन पर बिखरा पड़ा था। परिवार के सदस्यों ने जब घबराकर अपने कीमती सामानों की जांच की, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में रखे करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने और एक मोबाइल फोन गायब थे।
पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच, लोगों में बढ़ी चिंता
चोरी की पुष्टि होते ही पीड़ित परिवार ने तत्काल साकची थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन तेज कर दी है। अपराधियों का सुराग लगाने के लिए आसपास के घरों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस चोरी गए गहनों की वास्तविक कीमत और अन्य गायब सामानों का भी आकलन कर रही है।
महापर्व छठ के दौरान हुई इस बड़ी चोरी से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। एक ओर जहां श्रद्धालु और प्रशासन घाटों पर पर्व मनाने में व्यस्त थे, वहीं दूसरी ओर चोरों ने बंद घरों को निशाना बनाकर पुलिस गश्ती को खुली चुनौती दी है। इस घटना के बाद से जेल चौक और आसपास के रिहायशी इलाकों में रहने वाले लोगों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता काफी बढ़ गई है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi Crime: आपसी विवाद में दोस्त ने की गोली मारकर हत्या


