spot_img
spot_img
Homeझारखंडकोल्हान प्रमंडलJamshedpur Crime Control: 91 अपराधियों पर सीसीए लगाने की तैयारी, 37 होंगे...

Related Posts

Jamshedpur Crime Control: 91 अपराधियों पर सीसीए लगाने की तैयारी, 37 होंगे तड़ीपार

एसएसपी एहतेशाम वकारिब का सख्त एक्शन, 54 पर निरुद्धादेश और कई कुख्यात गिरोहों के गुर्गे रडार पर

​Jamshedpur Crime Control: लौहनगरी जमशेदपुर में कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। पूर्वी सिंहभूम जिला पुलिस ने शहर के 91 कुख्यात और सक्रिय अपराधकर्मियों के खिलाफ क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) के तहत सख्त कार्रवाई करने का खाका तैयार किया है। इस सूची में शामिल 54 अपराधियों के खिलाफ निरुद्धादेश (डिटेंशन) और 37 के विरुद्ध जिला बदर यानी तड़ीपार की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। पुलिस के इस बड़े कदम से शहर के आपराधिक गिरोहों में हड़कंप मच गया है।

​Jamshedpur Crime Control: चर्चित हत्याकांड और फायरिंग के आरोपितों पर कसेगा शिकंजा

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) एहतेशाम वकारिब की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने हाल के दिनों में शहर को दहलाने वाली कई चर्चित आपराधिक घटनाओं में शामिल अपराधियों को भी सीसीए के दायरे में लिया है।

​इस सूची में बहुचर्चित निखार सबलोक हत्याकांड और गोलमुरी के कन्हैया यादव हत्याकांड के आरोपित शामिल हैं। इसके अलावा, बिष्टुपुर के बिंदल मॉल फायरिंग कांड और मानगो थाना क्षेत्र में एसआईआर कराने के नाम पर हुई लूट की वारदात से जुड़े अपराधकर्मियों पर भी अब सीसीए की गाज गिरने वाली है।

​Jamshedpur Crime Control: अखिलेश और गणेश सिंह समेत कई गिरोहों के गुर्गे शामिल

​जमशेदपुर पुलिस ने इस बार संगठित अपराध की कमर तोड़ने की पूरी तैयारी कर ली है। जिले में सक्रिय लगभग सभी प्रमुख आपराधिक गिरोहों के गुर्गों को चिह्नित किया गया है। इनमें कुख्यात अखिलेश सिंह, गणेश सिंह, बिल्ला पाठक और कन्हैया सिंह गिरोह के सक्रिय सदस्य शामिल हैं।

​साथ ही, रंजीत-संजीत, हरपाल-मनप्रीत और मासुक-मनीष गिरोह से जुड़े अपराधियों के खिलाफ भी सीसीए का प्रस्ताव तैयार किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इनमें से कई अपराधी शहर में छिनतई, रंगदारी और अन्य संगीन वारदातों में लगातार संलिप्त रहे हैं।

​मानगो और ओलीडीह से सबसे ज्यादा अपराधी चिह्नित, जानें थानावार हाल

​थाना स्तर पर तैयार किए गए आंकड़ों के मुताबिक, मानगो और ओलीडीह थाना क्षेत्र से सबसे अधिक अपराधियों की पहचान हुई है। मानगो में 12 अपराधकर्मियों के खिलाफ निरुद्धादेश और दो के विरुद्ध तड़ीपार की कार्रवाई प्रस्तावित है। ठीक इसी तरह ओलीडीह थाना क्षेत्र में भी 12 के खिलाफ निरुद्धादेश और दो के विरुद्ध तड़ीपार का प्रस्ताव भेजा गया है।

​सोनारी थाने में नौ अपराधियों पर निरुद्धादेश और तीन पर तड़ीपार की कार्रवाई की जाएगी। गोलमुरी में दो के खिलाफ निरुद्धादेश और सात के विरुद्ध तड़ीपार का प्रस्ताव है। वहीं, बर्मामाइंस में दो पर निरुद्धादेश और चार पर तड़ीपार की कार्रवाई होगी। बागबेड़ा और जुगसलाई में छह-छह अपराधियों के खिलाफ निरुद्धादेश प्रस्तावित है, जबकि बागबेड़ा में तीन अपराधियों को तड़ीपार भी किया जाएगा। अन्य थाना क्षेत्रों में भी चिह्नित अपराधियों पर नकेल कसी जा रही है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

इसे भी पढ़ें : Chaibasa Postal Division: चाईबासा डाक मंडल को मिली पहली डाक अधीक्षक, गुड़िया कुमारी ने संभाला पदभार

Latest Posts