भंडरा में देर रात सोनू लहेरी ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Lohardaga Double Murder: झारखंड के लोहरदगा जिले से एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की खबर सामने आई है। भंडरा थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक और आक्रोश में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों की पहचान पूजा लहेरी और उसके प्रेमी रोहित कुमार के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पूजा के पति सोनू लहेरी ने रविवार देर रात घर के भीतर ही दोनों पर टांगी (कुल्हाड़ी) से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
Lohardaga Double Murder: घर में आपत्तिजनक स्थिति में देखने पर भड़का पति
पुलिस पूछताछ और शुरुआती जानकारी में इस हत्याकांड की वजह अवैध संबंध सामने आई है। आरोपी पति सोनू लहेरी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी पूजा का बिहार के बाढ़ क्षेत्र निवासी रोहित कुमार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। रविवार की देर रात सोनू ने अपनी पत्नी पूजा और उसके प्रेमी रोहित को अपने ही घर में आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
यह नजारा देखते ही सोनू अपना आपा खो बैठा। गुस्से में आकर उसने घर में रखी तेजधार टांगी उठाई और दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण पूजा लहेरी और रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि मृतका पूजा और आरोपी सोनू के दो छोटे बेटे हैं। इस घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है, जबकि पिता सलाखों के पीछे पहुंच गया है।
Lohardaga Double Murder: मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम, आरोपी पति गिरफ्तार
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पूरे घर की घेराबंदी कर मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी। घटना की गंभीरता और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य अहम सुराग एकत्र किए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी पति सोनू लहेरी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी की भी बरामदगी और जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव, पूरे क्षेत्र में घटना की चर्चा
भंडरा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि पुलिस इस दोहरे हत्याकांड के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
अवैध संबंध के चलते हुई इस खौफनाक वारदात की चर्चा पूरे भंडरा और आसपास के क्षेत्रों में जोर-शोर से हो रही है। पुलिस आरोपी सोनू लहेरी से पूछताछ कर रही है और मृतक रोहित कुमार के परिजनों को भी बिहार स्थित उनके पते पर सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jamshedpur Crime Control: 91 अपराधियों पर सीसीए लगाने की तैयारी, 37 होंगे तड़ीपार


