होटल संचालक को 10 दिन पहले सोशल मीडिया पर मिली थी धमकी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
Hazaribagh Firing: हजारीबाग जिले के बरही में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार अपराधियों ने एक होटल को निशाना बनाया। अपाचे बाइक पर सवार होकर आए दो अज्ञात बदमाशों ने ‘एके पैलेस होटल’ पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके पर एक पर्चा फेंककर फरार हो गए। इस पर्चे पर कुख्यात ‘महाकाल राहुल दुबे गैंग’ का नाम लिखा हुआ है। गनीमत यह रही कि इस गोलीबारी में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी दहशत फैल गई है।
Hazaribagh Firing: पहले भी एक होटल को बनाया जा चुका है निशाना
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से फेंके गए पर्चे को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पर्चे पर गैंग का नाम लिखे होने के कारण इस वारदात में उसी गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस गैंग की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले हजारीबाग शहर के ‘एके इंटरनेशनल होटल’ पर भी ठीक इसी अंदाज में फायरिंग की गई थी। उस वारदात की जिम्मेदारी भी महाकाल राहुल दुबे गैंग ने ही ली थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से होटल कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।
Hazaribagh Firing: संचालक ने जताई साजिश की आशंका
एके पैलेस होटल के संचालक वीरेंद्र रजक ने इस घटना के पीछे गहरी साजिश का अंदेशा जताया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि इस गोलीबारी से करीब 10 दिन पहले उन्हें सोशल मीडिया के जरिए धमकी मिली थी। रजक के मुताबिक, केदार यादव नाम के एक व्यक्ति ने होटल को लेकर उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और देख लेने की चेतावनी दी थी।
संचालक वीरेंद्र रजक का मानना है कि उसी धमकी की कड़ी में उनके होटल पर यह फायरिंग कराई गई है। उन्होंने इस पूरी वारदात में केदार यादव की भूमिका होने की प्रबल आशंका जाहिर की है। बता दें कि केदार यादव पिछले विधानसभा चुनाव में बरही सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, वे वर्तमान में कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं।
सीसीटीवी फुटेज और छापेमारी के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। बरही के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राधा प्रेम किशोर ने बताया कि पुलिस हर संभावित पहलू को ध्यान में रखकर जांच को आगे बढ़ा रही है। अपराधियों का सुराग लगाने के लिए होटल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाली जा रही है।
एसडीपीओ ने आगे बताया कि पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। घटनास्थल से जब्त किए गए पर्चे की सत्यता की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि तकनीकी साक्ष्यों और फुटेज के आधार पर जल्द ही हमलावरों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
इसे भी पढ़ें : ISPL Player Auction: कल मुंबई में सजेगी खिलाड़ियों की मंडी, आठ फ्रेंचाइजी लगाएंगी दांव


