राजनगर के रघुनाथपुर में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, बीजाडीह गांव में पसरा मातम
Seraikela Accident: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-220 पर सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की जान चली गई। यह भीषण सड़क हादसा रघुनाथपुर के पास बीती रात करीब 11:30 बजे हुआ। किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने दोनों युवकों की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बीजाडीह गांव निवासी रौनक लुगुन उर्फ गोलू (17 वर्ष) और गुलशन सुंडी की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों की असमय मौत की खबर मिलते ही पूरे बीजाडीह गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। त्योहार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Seraikela Accident: सोहराय पर्व के बीच पेट्रोल भराने निकले थे दोनों
मिली जानकारी के अनुसार रौनक लुगुन और गुलशन सुंडी गुरुवार रात सोहराय पर्व मनाने के लिए घर से निकले थे। अस्पताल पहुंची रौनक उर्फ गोलू की मां ने बताया कि रौनक कक्षा नौवीं का छात्र था। वह नेता तिरिल स्कूल में पढ़ाई करता था। गुरुवार को जामडीह में आयोजित सोहराय पर्व में शामिल होने के लिए वह अपने दोस्तों के साथ घर से गया था। इसी दौरान स्कूटी में पेट्रोल भरवाने के लिए रौनक और गुलशन मुख्य मार्ग एनएच-220 की ओर आए थे। रघुनाथपुर के समीप पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
Seraikela Accident: सीएचसी में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, स्कूटी जब्त
हादसे के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाई। उन्होंने घटना की सूचना 108 एंबुलेंस सेवा और स्थानीय पुलिस को दी। खबर मिलते ही राजनगर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों लहूलुहान युवकों को तत्काल राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया। वहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी संख्या JH 22H 2751 को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी राजनगर पुलिस, गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद राजनगर थाना पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसके साथ ही टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है। आसपास के रास्तों और टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाने की प्रक्रिया चल रही है। दूसरी तरफ एक साथ दो होनहार युवकों की मौत से बीजाडीह गांव में गहरा मातम पसरा हुआ है। दोनों पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उनके घरों पर जुटी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Ranchi Crime: हाइवा ने युवक को कुचला, लिव-इन में यौन शोषण का केस


