spot_img
spot_img
HomeझारखंडJharkhand Weather: गुमला सबसे ठंडा, 24 घंटे में और बढ़ेगी कनकनी

Related Posts

Jharkhand Weather: गुमला सबसे ठंडा, 24 घंटे में और बढ़ेगी कनकनी

लातेहार में 11.1 व रांची में 15.5 डिग्री पहुंचा न्यूनतम पारा, 16 नवंबर तक सुबह छाया रहेगा कोहरा

Jharkhand Weather: झारखंड में अब सर्दी ने साफ तौर पर दस्तक दे दी है। पूरे प्रदेश में सुबह और शाम के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। तापमान में गिरावट के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। गुरुवार को गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का न्यूनतम तापमान गिरकर 10.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं लातेहार में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची में भी रात का पारा 15.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में कनकनी और बढ़ेगी।

Jharkhand Weather: 24 घंटे में 3 डिग्री तक गिरेगा पारा

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव दिखेगा। न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है। इस गिरावट के कारण रात में सिहरन और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ सकती है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 12 से 16 नवंबर तक सुबह के वक्त हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छाया रह सकता है। खासकर नदी, तालाब और खुले मैदानी इलाकों में धुंध का असर ज्यादा दिखेगा। सुबह धूप खिलने के बाद कोहरा छंट जाएगा। इसके बाद दिन भर आसमान मुख्य रूप से साफ और मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

Jharkhand Weather: रांची, गुमला और लातेहार का आगामी पूर्वानुमान

आगामी पांच दिनों के तापमान को लेकर मौसम विभाग ने प्रमुख शहरों का अलग-अलग आकलन जारी किया है। राजधानी रांची की बात करें तो यहां 12 से 15 नवंबर तक अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इसके बाद 16 नवंबर को पारे में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। उस दिन रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं गुरुवार को सबसे ठंडे रहे गुमला में अगले पांच दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है। दूसरी ओर लातेहार में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब बना रह सकता है।

बदलते मौसम के बीच सतर्कता जरूरी, कोहरे से यातायात पर असर

सुबह के समय लगातार पांच दिनों तक कुहासा छाए रहने के अनुमान से यातायात भी प्रभावित हो सकता है। ऐसे में हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर दिन में हल्की धूप और रात में तेज ठंड के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। चिकित्सकों ने बच्चों और बुजुर्गों को सुबह-शाम ठंडी हवा से बचने की नसीहत दी है। अगले कुछ दिनों में उत्तरी हवाओं की रफ्तार बढ़ने पर पूरे झारखंड में सर्दी का प्रकोप और तेज होने के आसार हैं।

इसे भी पढ़ें : Chhath Security: छठ पर झारखंड के 14 जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

Latest Posts