राष्ट्रीय जनजातीय दिवस पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां, 231 फीसदी बढ़ा मंत्रालय का बजट
Arjun Munda Press Conference: राष्ट्रीय जनजातीय दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित निर्मल गेस्ट हाउस में मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि खूंटी के सुदूरवर्ती गांव उलिहातू में जन्मे धरती आबा ने जल, जंगल, जमीन और स्वाभिमान के लिए उलगुलान का शंखनाद किया। देश और दुनिया में बसे भारतीय मूल के लोगों तक उनके बलिदान का संदेश पहुंचाना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने उनके जन्मदिन 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक फैसला लिया। इसके जरिए आने वाली पीढ़ियों को ‘अबुआ दिशोम अबुआ राज’ के मूल मंत्र से जोड़ा जा रहा है।
Arjun Munda Press Conference: अटल सरकार से लेकर मोदी कार्यकाल तक की उपलब्धियां गिनाईं
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि जनजातीय समाज की जीवनशैली पूरी मानवता को राह दिखाती है। प्रकृति से संतुलन, सामूहिकता, स्त्री सम्मान, कला और वनौषधियों का पारंपरिक ज्ञान समाज की अमूल्य निधि है। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि 1999 में पहली बार अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया गया। साल 2000 में झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्यों का गठन हुआ। 2003 में संथाली और बोडो भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि आज जनजातीय समाज का विश्वास भाजपा के साथ है। देश की 47 एसटी लोकसभा सीटों में से 26 पर भाजपा काबिज है और विधानसभा की 209 सीटों पर पार्टी के जनप्रतिनिधि हैं। वर्ष 2022 में पहली बार एक जनजातीय महिला देश की राष्ट्रपति बनीं। वहीं छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय, ओडिशा में मोहन चरण माझी और अरुणाचल प्रदेश में पेमा खांडू मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में भी अनुसूचित जनजाति के लिए नौ सीटें आरक्षित हुई हैं।
Arjun Munda Press Conference: पेश किए बजट और पीएम जनमन योजना के आंकड़े
प्रेसवार्ता के दौरान केंद्र सरकार के बजट और विकास योजनाओं के आंकड़े भी साझा किए गए। उन्होंने बताया कि 2014-15 में जनजातीय मंत्रालय का बजट 4,497 करोड़ रुपये था। यह 2025-26 में 231 प्रतिशत बढ़कर 14,926 करोड़ रुपये हो गया है। इसके अलावा 40 से अधिक मंत्रालय डीएपीएसटी (DAPST) के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में मॉडल विलेज तैयार करने की योजनाओं पर काम कर रहे हैं। खूंटी से 2023 में शुरू हुई पीएम जनमन योजना का लाभ 12 लाख 37 हजार परिवारों तक पहुंच रहा है। 30 जून 2026 तक 4 लाख 85 हजार आवास स्वीकृत हुए, जिनमें 3 लाख 5 हजार मकान पूरे हो चुके हैं। इन दुर्गम इलाकों के लिए 7,992 किलोमीटर सड़क स्वीकृत हुई और 1 लाख 35 हजार घरों तक बिजली पहुंची है।
1 से 15 नवंबर तक गौरव पखवाड़ा, कांग्रेस पर साधा तीखा निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस क्रम में राष्ट्रपति एकलव्य मॉडल स्कूल के 200 विद्यार्थियों से संवाद कर रही हैं। 15 नवंबर को संसद भवन में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और उलिहातू में पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। धरती आबा जनभागीदारी अभियान के तहत स्वास्थ्य, पोषण, सेवा संगम और छात्रवृत्ति से जुड़े आयोजन हो रहे हैं। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता दिलाने की आवश्यकता भी जताई। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने दशकों के शासन में जनजातीय समुदायों का केवल उपयोग किया। बिरसा मुंडा, तिलका मांझी और सिद्धू-कान्हू जैसे नायकों को उपेक्षित रखा गया। कांग्रेस ने हमेशा बजट सीमित रखा और जनजातीय महिला को राष्ट्रपति बनाने के समय भी विरोध में प्रत्याशी उतारकर अपनी जनजाति विरोधी नीति दिखाई।
Read also: Jamshedpur Clean City: स्वच्छता में झारखंड का नंबर वन बना जमशेदपुर


