जगन्नाथपुर में सड़क हादसे में मौत, सुखदेवनगर थाने में शादी का झांसा देकर ठगी का मामला दर्ज
Ranchi Crime: राजधानी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र की है, जहां हटिया जाने वाली सड़क पर एक तेज रफ्तार हाइवा ने युवक को कुचल दिया। इस भीषण सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना सुखदेवनगर और एससी-एसटी थाना क्षेत्र से जुड़ी है। यहां चार साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद एक युवती ने युवक पर शादी का प्रलोभन देकर शारीरिक संबंध बनाने और जातिसूचक गालियां देने का गंभीर आरोप लगाया है। दोनों ही मामलों में स्थानीय पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और छानबीन जारी है।
Ranchi Crime: जगन्नाथपुर में तेज रफ्तार हाइवा ने युवक को रौंदा
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हटिया जाने वाली मुख्य सड़क पर हुए सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज गति से आ रहे एक हाइवा ने सड़क पर जा रहे युवक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हादसे के कारणों और वाहन चालक का पता लगाने में जुटी है।
Ranchi Crime: हरमू रोड में 4 साल लिव-इन के बाद यौन शोषण व धमकी का आरोप
दूसरा मामला राजधानी के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां एक युवती ने चार साल के लिव-इन रिलेशन के बाद न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने बताया कि उसके परिजन नहीं हैं और वह शादियों में मेकअप का काम कर अपना जीवन-यापन करती है। एक शादी समारोह में उसकी मुलाकात ओरमांझी इरबा उर्गुटु निवासी अमरदीप सिंह उर्फ सोनू सिंह से हुई थी। दोनों में दोस्ती बढ़ी और वे हरमू रोड स्थित एक किराये के मकान में चार साल तक साथ रहे। युवती का आरोप है कि सोनू ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने शादी की बात की तो आरोपी ने उसे जातिसूचक गालियां दीं और शादी से साफ इनकार कर दिया।
कार्रवाई में देरी का आरोप, छठ के बाद गिरफ्तारी की बात कह रही पुलिस
पीड़िता का कहना है कि वह 29 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज कराने सुखदेवनगर थाना गई थी। वहां आवेदन लेने के बावजूद उसे रिसीविंग नहीं दी गई। इसके बाद वह एससी-एसटी थाना पहुंची और मामला दर्ज कराया। एससी-एसटी थाना और सुखदेवनगर पुलिस ने संयुक्त रूप से सदर अस्पताल में उसका मेडिकल चेकअप कराया। गुरुवार को फिर थाने पहुंची युवती ने आरोप लगाया कि इतने दिन बीतने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उल्टे आरोपी फोन कर केस वापस लेने की धमकी दे रहा है। पीड़िता के अनुसार केस के आईओ ने छठ पूजा के बाद आरोपी को पकड़ने की बात कही है। इस संबंध में मामले की जांच कर रहे सुखदेवनगर थाने के सब इंस्पेक्टर राहुल कुमार मेहता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। वहीं आरोपी अमरदीप सिंह उर्फ सोनू सिंह का मोबाइल फोन भी बंद मिला।
इस् भी पढ़ें : Hazaribagh Youth: दुबई में लापता हुआ युवक, परिजनों ने लगाई गुहार


