ISPL Player Auction: टेनिस बॉल क्रिकेट के सबसे बड़े मंच इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग (ISPL) के चौथे सत्र की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस लीग के आगामी सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी रविवार, 15 नवंबर को मुंबई में होने जा रही है। इस टी10 टूर्नामेंट की सभी आठ फ्रेंचाइजी कल अपनी-अपनी नई टीमों को अंतिम रूप देंगी। चौथे सत्र के आगाज से पहले इस नीलामी को बेहद अहम पड़ाव माना जा रहा है।
ISPL Player Auction: सचिन तेंदुलकर समेत कई दिग्गजों की रहेगी मौजूदगी
मुंबई में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में खेल और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां शिरकत करेंगी। नीलामी के दौरान आईएसपीएल की कोर समिति के सदस्यों के साथ कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार मौजूद रहेंगे। उनके अलावा क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर, मीनल अमोल काले और सूरज सामत भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
खिलाड़ियों के चयन की बारीकियों पर नजर रखने के लिए मुख्य चयनकर्ता जतिन परांजपे और प्रवीण आमरे भी वहां उपस्थित रहेंगे। ग्लैमर का तड़का लगाने के लिए कोलकाता फ्रेंचाइजी ‘टाइगर्स’ के सह-मालिक सैफ अली खान और करीना कपूर खान भी नीलामी का हिस्सा बनेंगे।
ISPL Player Auction: डेढ़ करोड़ का बजट और आरटीएम का तड़का
नीलामी के नियमों के मुताबिक, प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास अपनी टीम तैयार करने के लिए 1.5 करोड़ रुपये का पर्स (बजट) होगा। इस राशि से हर टीम को कुल 18 खिलाड़ियों का अपना दल पूरा करना होगा। फ्रेंचाइजियों को पिछले सत्र की अपनी टीम से किसी एक खिलाड़ी को रिटेन (बरकरार) करने का विकल्प दिया गया है। इसके साथ ही, पात्र टीमों के पास नीलामी के दौरान दो ‘राइट टू मैच’ (आरटीएम) कार्ड इस्तेमाल करने का भी अधिकार होगा।
टीम संतुलन बनाए रखने के लिए कुछ कड़े नियम भी लागू किए गए हैं। हर फ्रेंचाइजी को अपनी 18 सदस्यीय टीम में सभी आठ क्षेत्रों से कम से कम एक-एक खिलाड़ी लेना अनिवार्य होगा। इसके अलावा अंडर-19 वर्ग के कम से कम दो युवा खिलाड़ियों को भी टीम में जगह देनी होगी। वहीं, टूर्नामेंट के हर मैच की प्लेइंग इलेवन (अंतिम एकादश) में कम से कम एक अंडर-19 खिलाड़ी और चार अलग-अलग क्षेत्रों के चार खिलाड़ियों का खेलना जरूरी होगा।
आठ क्षेत्रों का विस्तार और ‘गुगली पावर’ का नया रोमांच
चौथे सत्र की नीलामी में इस बार क्षेत्रीय ढांचे का बड़ा विस्तार किया गया है। पहले यह लीग पांच क्षेत्रों में बंटी थी, लेकिन अब खिलाड़ियों का चयन आठ क्षेत्रों से होगा। इसका मुख्य मकसद देश के कोने-कोने से छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना और जमीनी क्रिकेट को बढ़ावा देना है। इन आठ नए क्षेत्रों में सेंट्रल नॉर्थ, ईस्ट, नॉर्थ, नॉर्थ वेस्ट, साउथ सेंट्रल, साउथ ईस्ट, साउथ वेस्ट और वेस्ट को शामिल किया गया है। नए नियम के तहत टीम में शामिल हर क्षेत्रीय खिलाड़ी को लीग चरण के कम से कम एक मैच में मैदान पर उतारना भी अनिवार्य होगा।
नीलामी की प्रक्रिया को और ज्यादा रोमांचक बनाने के लिए आयोजकों ने ‘गुगली पावर’ नाम का एक अनोखा नियम जोड़ा है। इसके तहत कोई भी फ्रेंचाइजी मौजूदा बोली की रकम से सीधे एक लाख रुपये की बड़ी छलांग लगाकर अपनी बोली पेश कर सकेगी। इस विशेष शक्ति के इस्तेमाल के बाद बोली बढ़ने की सामान्य प्रक्रिया फिर से शुरू हो जाएगी। स्टार खिलाड़ियों को अपने पाले में करने के लिए टीमें इसका रणनीतिक उपयोग कर सकेंगी।
कहां और कब देख सकेंगे नीलामी का सीधा प्रसारण?
आईएसपीएल चौथे सत्र की यह नीलामी रविवार दोपहर चार बजे से शुरू होगी। क्रिकेट प्रेमी इस पूरी कार्यवाही का सीधा प्रसारण डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘जियोहॉटस्टार’ पर देख सकेंगे। वहीं, टेलीविजन दर्शकों के लिए ‘स्टार स्पोर्ट्स खेल’ चैनल पर इसका लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा। ‘स्ट्रीट टू स्टेडियम’ की सोच के साथ शुरू हुई यह लीग देश की उभरती हुई गली क्रिकेट प्रतिभाओं को एक बड़ा और पेशेवर मंच प्रदान कर रही है।
इसे भी पढ़ें : AIIMS Fetal Surgery: एम्स दिल्ली ने रचा इतिहास, गर्भ में ही शिशु की रीढ़ की सर्जरी


