spot_img
spot_img
HomeझारखंडJharkhand Weather Update: लातेहार में बढ़ी ठिठुरन, चाईबासा सबसे गर्म

Related Posts

Jharkhand Weather Update: लातेहार में बढ़ी ठिठुरन, चाईबासा सबसे गर्म

Jharkhand Weather Update: झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर लगातार जारी है। राज्य के कुछ हिस्सों में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है, तो कहीं दिन में हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में लातेहार सबसे ठंडा जिला रहा। वहीं, चाईबासा में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई। मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को ताजा बुलेटिन जारी कर यह जानकारी दी है। विभाग के आंकड़ों के मुताबिक लातेहार का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया है। दूसरी तरफ, चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Jharkhand Weather Update: अगले पांच दिनों तक स्थिर रहेगा पारा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के मौसम में अभी कोई बड़ा उलटफेर नहीं होगा। अगले पांच दिनों तक झारखंड के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि, पिछले 24 घंटों में हवा के रुख में हल्का बदलाव दिखा है। इसके कारण राजधानी रांची समेत कई जिलों के न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। इसके विपरीत, कुछ जिलों में दिन के अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी भी देखी गई है।

Jharkhand Weather Update: रांची और जमशेदपुर में गिरा रात का तापमान

राजधानी रांची और लौहनगरी जमशेदपुर में रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है। शुक्रवार को रांची का न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले यानी गुरुवार को यह 15.5 डिग्री सेल्सियस था। इस तरह 24 घंटे में रांची का पारा 1.4 डिग्री नीचे आया है। इसी तरह जमशेदपुर में भी रात का तापमान कम हुआ है। गुरुवार को जमशेदपुर का न्यूनतम पारा 20.2 डिग्री था, जो शुक्रवार को घटकर 19.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

सुबह छाए रहे बादल, दोपहर में खिली धूप ने दी राहत

राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार की सुबह मौसम का मिजाज बदला हुआ दिखा। सुबह से ही आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। बादल होने की वजह से सुबह और दिन के समय लोगों को हल्की कनकनी महसूस हुई। हालांकि, दोपहर बाद आसमान धीरे-धीरे साफ होने लगा। खिली हुई धूप निकलने के बाद लोगों को ठंड से काफी राहत मिली। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, नवंबर के मध्य में इस तरह का मौसम सामान्य है और सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी।

जानिए राज्य के प्रमुख शहरों के तापमान का हाल

मौसम केंद्र रांची की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक राज्य के प्रमुख शहरों में तापमान अलग-अलग स्तर पर रहा। रांची में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोल्हान प्रमंडल के जमशेदपुर में अधिकतम पारा 31.7 डिग्री और न्यूनतम 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पलामू मुख्यालय डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और न्यूनतम 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस्पात नगरी बोकारो में अधिकतम पारा 28.2 डिग्री और न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा चाईबासा में अधिकतम 31.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

इसे भी पढ़ें : Jharkhand Rural Roads: गांवों में बनेगी 12,500 किमी नई सड़क : मंत्री

Latest Posts