अमेरिकी कंपनी यूटिलिटी ग्लोबल के साथ हुई साझेदारी, देश में अपनी तरह की पहली स्वच्छ ऊर्जा परियोजना
Tata Steel Hydrogen: इस्पात उत्पादन की प्रक्रिया के दौरान निकलने वाली औद्योगिक गैसों का उपयोग अब स्वच्छ ऊर्जा तैयार करने में किया जाएगा। इस दिशा में टाटा स्टील ने एक बड़ी और ऐतिहासिक पहल की है। कंपनी ने ओडिशा के कलिंगानगर स्थित अपने इस्पात संयंत्र में हाइड्रोजन उत्पादन परियोजना शुरू करने की योजना बनाई है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए टाटा स्टील ने अमेरिका के ह्यूस्टन स्थित कंपनी ‘यूटिलिटी ग्लोबल’ के साथ साझेदारी की है। प्रस्तावित परियोजना भारत में अपनी तरह की पहली परियोजना होगी। इसमें इस्पात संयंत्र से निकलने वाली गैसों को उपयोग में लाकर उच्च शुद्धता वाला हाइड्रोजन तैयार किया जाएगा।
Tata Steel Hydrogen: एच2जेन तकनीक से रोजाना तैयार होगा 10 टन हाइड्रोजन
योजना के मुताबिक, कलिंगानगर संयंत्र में प्रतिदिन 10 टन हाइड्रोजन उत्पादन क्षमता वाला प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस प्लांट में यूटिलिटी ग्लोबल की विशेष ‘एच2जेन’ (H2Gen) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। यह आधुनिक तकनीक इस्पात निर्माण के दौरान निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड युक्त गैसों को संसाधित कर उच्च गुणवत्ता वाला हाइड्रोजन तैयार करने में पूरी तरह सक्षम है।
परियोजना का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले दोनों कंपनियां संयुक्त रूप से प्रारंभिक इंजीनियरिंग और डिजाइन अध्ययन करेंगी। इस अध्ययन की विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर टाटा स्टील का निदेशक मंडल निवेश को लेकर अपना अंतिम निर्णय लेगा। बोर्ड से स्वीकृति मिलते ही संयंत्र के निर्माण और परिचालन की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
Tata Steel Hydrogen: कनाडा में सफल परीक्षण के बाद अब भारत में दिखेगा असर
कंपनी के अनुसार, इस अत्याधुनिक तकनीक की क्षमता पहले ही प्रमाणित हो चुकी है। कनाडा में एक इस्पात निर्माता के ब्लास्ट फर्नेस से निकलने वाली वास्तविक औद्योगिक गैसों के साथ इसका सफल परीक्षण किया जा चुका है।
इस समझौते के अवसर पर यूटिलिटी ग्लोबल की ओर से सीईओ पार्कर मीक्स सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वहीं, टाटा स्टील की ओर से कंपनी के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शिरकत की। यह परियोजना टाटा स्टील के वर्ष 2045 तक शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन (नेट जीरो) हासिल करने के दीर्घकालिक लक्ष्य का एक बेहद अहम हिस्सा है।
कार्बन उत्सर्जन घटाने की दिशा में बड़ा कदम: सुबोध पांडेय
टाटा स्टील के उपाध्यक्ष सुबोध पांडेय ने बुधवार को इस साझेदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस्पात उद्योग में कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए ऐसी आधुनिक तकनीकों की सख्त आवश्यकता है, जिन्हें बड़े औद्योगिक संयंत्रों में व्यावहारिक रूप से लागू किया जा सके।
उन्होंने बताया कि एच2जेन तकनीक मौजूदा औद्योगिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कार्बन उत्सर्जन घटाने का शानदार अवसर प्रदान करती है। यूटिलिटी ग्लोबल के साथ यह साझेदारी कंपनी के पर्यावरण अनुकूल औद्योगिक परिचालन की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
Read also: Sainik School Tilaiya: सत्र 2027-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 31 जनवरी को होगी परीक्षा


