Jharkhand Hheatwave Alert : झारखंड में इन दिनों प्रचंड गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राज्य के कई हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। हालात यह हैं कि पांच जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जमशेदपुर में 42.4 डिग्री, बोकारो में 42.1 डिग्री, चाईबासा में 42.4 डिग्री और सरायकेला में भी 42.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण इन इलाकों में लू (हीटवेव) का खतरा तेजी से बढ़ गया है।
रांची में हल्की राहत, लातेहार सबसे ठंडा
हालांकि राजधानी रांची में तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की गई है। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री से घटकर 38.6 डिग्री सेल्सियस हो गया, जिससे लोगों को आंशिक राहत मिली है। वहीं, राज्य का सबसे ठंडा जिला लातेहार रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार 23 से 26 अप्रैल के बीच राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों—देवघर, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा, गोड्डा, गिरिडीह और साहिबगंज में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन परिस्थितियों को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे का तापमान रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान गुमला में 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा। बुधवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रहा।
- डाल्टनगंज : अधिकतम 43.4°C, न्यूनतम 23.3°C
- चाईबासा : अधिकतम 42.4°C, न्यूनतम 25.8°C
- जमशेदपुर : अधिकतम 42.4°C, न्यूनतम 25.6°C
- बोकारो : अधिकतम 42.1°C, न्यूनतम 22.1°C
- रांची : अधिकतम 38.6°C, न्यूनतम 22.8°C
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और लू से बचाव के उपाय अपनाएं। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
Also Read: Concrete Jungle vs Nature: कंक्रीट के जाल में खो रही हरियाली, औषधीय पौधों से टूटता रिश्ता



