- बंद घर को बनाया निशाना
Ramgarh: शहर के गोलपार इलाके में चोरों ने एक कपड़ा व्यापारी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी कर ली। पीड़ित रामप्रवेश साव का पूरा परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए बिहार गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
ताला तोड़कर घर किया साफ
मंगलवार रात चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दो कमरों में रखी अलमारियों व बक्सों को तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया। बताया जा रहा है कि चोर आराम से घर में घुसे और बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दिया।
लाखों के गहने और नकदी चोरी
चोरों ने करीब 6-7 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और लगभग 1.20 लाख रुपये नकद चोरी कर ली। इसके अलावा बिक्री के लिए रखी नई और कीमती साड़ियां भी चुरा ली गईं। चोरी गए सामान में सोने की चेन, मंगलसूत्र, झुमके, नथिया, मांगटीका और चांदी के कई आभूषण शामिल हैं।
छत पर खाया-पीया, मिले सिगरेट के निशान
स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरों ने घर की छत पर बैठकर खाना-पीना भी किया। वहां से सिगरेट के अवशेष भी बरामद हुए हैं, जिससे साफ है कि चोर काफी देर तक घर में मौजूद थे।
पुलिस जांच में जुटी
बुधवार सुबह घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Ranchi Encounter: जमीन कारोबारी हत्याकांड का शूटर सत्यम पाठक मुठभेड़ में घायल



