Koderma Road Accident : झारखंड (Jharkhand) के कोडरमा जिले के कोडरमा (Koderma) थाना क्षेत्र में रांची-पटना मुख्य मार्ग पर चाराडीह के समीप मंगलवार देर रात एक स्कॉर्पियो (Scorpio) दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि चलते वाहन का अचानक चक्का निकल जाने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और स्कॉर्पियो डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में वाहन सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
चक्का निकलने से बेकाबू हुई स्कॉर्पियो, डिवाइडर से टकराई
स्थानीय लोगों के अनुसार, फुलवरिया निवासी फुलिया बिरहोर का परिवार एक विवाह समारोह में शामिल होने चतरा गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के लोग देर रात स्कॉर्पियो से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान चाराडीह के पास अचानक वाहन का चक्का निकल गया। चक्का निकलते ही चालक वाहन को संभाल नहीं सका और स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी।
स्थानीय लोगों की मदद से पहुंचाया गया अस्पताल
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में सभी का उपचार जारी है।
घायलों में 15 साल का किशोर भी
घायलों की पहचान सविता बिरहोर (15), देवेंद्र बिरहोर (35), मुनियता बिरहोरनी (20), अनिता बिरहोरनी (40) और फुलिया बिरहोरनी (50) के रूप में हुई है। हादसे में घायल सभी लोगों की स्थिति पर चिकित्सक लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन का चक्का निकलना हादसे की मुख्य वजह बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand News : 1 करोड़ का इनामी माओवादी मिसिर बेसरा गिरफ्तार


