- कमलपुर थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों में मिली दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो, वाहन सवार मौके से फरार
Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र में गौ तस्करी की आशंका से जुड़ा एक मामला सामने आया है। बांगुड़दा साहेब बांध के समीप बुधवार तड़के एक दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से पुलिस ने दो गायों को बरामद किया। घटना के बाद वाहन में सवार सभी लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे झाड़ियों में फंसी एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को देखा। वाहन के भीतर गायों के होने की सूचना मिलते ही कमलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों गायों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें अपने संरक्षण में ले लिया।
Jamshedpur News: पश्चिम बंगाल ले जाए जाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि गायों को अवैध रूप से पश्चिम बंगाल की ओर ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और झाड़ियों में जा घुसी। दुर्घटना के बाद वाहन में सवार लोगों ने स्कॉर्पियो को निकालने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर वे गायों और वाहन को छोड़कर फरार हो गए।
बिना नंबर की स्कॉर्पियो ने बढ़ाया शक
पुलिस को जब्त वाहन पर कोई पंजीकरण संख्या नहीं मिली है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गायों को कहां से लाया गया था, उन्हें कहां ले जाया जा रहा था और इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
Jamshedpur News: पुलिस कर रही गंभीरता से जांच
कमलपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार ठाकुर ने बताया कि वाहन को जब्त कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गौ तस्करी के संभावित एंगल को ध्यान में रखते हुए मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Also Read: Jharkhand News: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, दोनों पैर कटने के बाद रास्ते में तोड़ा दम



