spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरJharkhand News: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, दोनों...

Related Posts

Jharkhand News: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, दोनों पैर कटने के बाद रास्ते में तोड़ा दम

  • गोइलकेरा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ दर्दनाक हादसा, चाईबासा ले जाने के दौरान युवक की मौत

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा रेलवे क्रॉसिंग के समीप मंगलवार शाम एक दर्दनाक रेल दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोइलकेरा के क्रिस्तान टोला, धातकीडीह निवासी सुखराम सांडिल (Sukhram Sandil) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

रेलवे ट्रैक पर चलते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे डाउन लाइन से गुजर रही ट्रेन संख्या 18110 इतवारी-टाटा एक्सप्रेस की चपेट में आने से सुखराम सांडिल गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वह पुराना गोइलकेरा क्षेत्र की ओर से रेलवे ट्रैक पर चलते हुए फाटक की तरफ आ रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से उसके दोनों पैर कट गए और वह गंभीर रूप से घायल होकर रेलवे ट्रैक पर गिर पड़ा।

Jharkhand News: हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते रेलवे ट्रैक के आसपास बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर रेल सुरक्षा बल (RPF) के जवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। हालांकि मौके पर स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने के कारण घायल युवक को ट्रैक से हटाने में काफी कठिनाई हुई। बताया जाता है कि लगभग एक घंटे तक वह गंभीर अवस्था में रेलवे ट्रैक पर ही पड़ा रहा।

ट्रेनों का परिचालन भी हुआ प्रभावित

दुर्घटना के कारण डाउन लाइन पर कुछ समय के लिए रेल परिचालन भी प्रभावित रहा। रेलवे कर्मियों और सुरक्षा बलों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

Jharkhand News: अस्पताल ले जाते समय हुई मौत

बाद में सुखराम सांडिल को गोइलकेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल चाईबासा रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचने पर रात करीब 12 बजे चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक के पिता संजय सांडिल और मां राधे सांडिल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी फोन के माध्यम से मिली। उन्होंने कहा कि सुखराम मजदूरी का काम करता था और उसका व्यवहार काफी अच्छा था। परिजनों के अनुसार वह मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था। शाम करीब छह बजे उसके परिवार से फोन पर बात हुई थी, जिसमें उसने जल्द घर लौटने की बात कही थी। परिवार को यह अंदेशा भी नहीं था कि कुछ घंटों बाद इतनी बड़ी दुर्घटना की खबर मिलेगी।

Jharkhand News: गांव में पसरा मातम

युवक की असामयिक मौत के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर दुख जताते हुए प्रशासन से रेलवे क्रॉसिंग और ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Also Read: Jamshedpur job fair: 11 जून को गोलमुरी में लगेगा रोजगार कैंप, 500 पदों पर होगी भर्ती

Latest Posts