spot_img
spot_img
Homeकोल्हान प्रमंडलजमशेदपुरRanchi PLFI Envelope Panic: बिजली ऑफिस में ‘पीएलएफआई’ लिखा लिफाफा मिलने से...

Related Posts

Ranchi PLFI Envelope Panic: बिजली ऑफिस में ‘पीएलएफआई’ लिखा लिफाफा मिलने से दहशत, जांच में जुटी पुलिस

  • कारतूस से बंधा संदिग्ध लिफाफा मिलने पर मचा हड़कंप

रांची: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित बिजली सब-स्टेशन में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक संदिग्ध लिफाफा कारतूस के साथ बंधा हुआ मिला। लिफाफे पर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) का नाम काले अक्षरों में लिखा हुआ था, जबकि लाल अक्षरों में “लाल सलाम” और “जरूरी सूचना” अंकित था। बताया जा रहा है कि 315 बोर की गोली को एक धागे के माध्यम से लिफाफे से बांधा गया था, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया।

कार्यालय पहुंचते ही कर्मचारियों में मची अफरा-तफरी

बिजली विभाग के कर्मचारी जैसे ही कार्यालय पहुंचे और लिफाफा देखा, उनके बीच हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल धुर्वा थाना पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने जब्त किया लिफाफा, जांच जारी

सूचना मिलते ही धुर्वा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल के बाद संदिग्ध लिफाफे को जब्त कर लिया। लिफाफा पानी में भीग चुका था, इसलिए उसे तुरंत खोलना संभव नहीं था। सूखने के बाद जब उसे खोला गया, तो उसमें केवल एक व्यक्ति का नाम लिखा हुआ पाया गया।

नाम सामने आने के बाद पूछताछ शुरू

जिस व्यक्ति का नाम लिफाफे के अंदर लिखा गया है, वह पास के इलाके का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया, हालांकि उसने इस पूरे मामले में अपनी किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है।

आपसी विवाद का एंगल, पुलिस सतर्क

हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला किसी व्यक्ति विशेष के जरिए आपसी दुश्मनी निकालने का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि लिफाफे के अंदर किसी तरह की धमकी या उग्रवादी संदेश नहीं मिला है, फिर भी पुलिस पूरी तरह सतर्क है और हर पहलू से जांच कर रही है।

बिजली बिल या अन्य विवाद की भी जांच

पुलिस इस मामले में बिजली बिल से जुड़े विवाद या अन्य निजी कारणों को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है

Also Read : Jamshedpur Crime: छायानगर में हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

Latest Posts