जनजातीय नृत्य, छऊ और आधुनिक नागपुरी संगीत ने बांधा समां, 160 स्टॉलों में दिखी झारखंड की कला, संस्कृति और विकास योजनाओं की झलक
Ranchi Culture Fest: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर रांची में तीन दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव का गुरुवार को भव्य आगाज हुआ। इस आयोजन में राज्य की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, लोककला और शास्त्रीय परंपराओं को मंच दिया गया। महोत्सव का उद्घाटन मंत्री दीपक बिरुवा, दीपिका पांडे सिंह और संजय प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का ध्यान खींचा। कार्यक्रम में पारंपरिक लोकनृत्य से लेकर आधुनिक नागपुरी संगीत तक की झलक देखने को मिली।
Ranchi Culture Fest: जनजातीय कला की दिखी झलक
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत बांसुरी वादन से हुई। रांची के कलाकार श्री कुश कुमार करुवा ने अपनी प्रस्तुति दी। इसके बाद झारखंड की प्रमुख जनजातीय नृत्य शैलियों का समायोजन पेश किया गया। इसमें मुंडारी, नागपुरी, उरांव और संथाली नृत्य शामिल रहे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की अलग-अलग सांस्कृतिक परंपराओं और लोकजीवन को मंच पर उतारा गया।
Ranchi Culture Fest: सरायकेला छऊ ने मोहा दर्शकों का मन
कार्यक्रम में सरायकेला छऊ नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। गुरु तपन कुमार पटनायक ने इस पारंपरिक नृत्य शैली की प्रस्तुति दी। इसके अलावा वर्षा लकड़ा और उनके दल ने आधुनिक नागपुरी नृत्य पेश किया। वहीं, महिला बैंड ‘द सजनी ग्रुप’ ने आधुनिक नागपुरी गीतों और वादन से सांस्कृतिक संध्या को आगे बढ़ाया। पारंपरिक और आधुनिक प्रस्तुतियों के इस मेल ने कार्यक्रम को विविधता प्रदान की।
160 स्टॉलों में दिखेंगी सरकारी योजनाएं और उपलब्धियां
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव स्थल पर मेला और प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से करीब 160 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, खेल-कूद एवं युवा संस्कृति विभाग, गृह, कारा एवं आपदा विभाग और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित कई विभाग शामिल हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से विभागों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय उत्पादों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
28 नवंबर तक चलेगा आयोजन
रांची के खेलगांव में आयोजित यह महोत्सव 26 से 28 नवंबर तक चलेगा। तीन दिनों के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रदर्शनियों और दूसरी गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। आम लोगों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। आयोजकों का उद्देश्य राज्य के विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक कलाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को एक मंच उपलब्ध कराना है।
महोत्सव के जरिए झारखंड की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और जनजातीय कलाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाई जा रही है। आने वाले दो दिनों में भी विभिन्न कलाकारों की प्रस्तुतियां और विभागीय प्रदर्शनियां जारी रहेंगी। इससे स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। वहीं, दर्शकों को राज्य की विविध सांस्कृतिक परंपराओं से रूबरू होने का मौका मिलेगा।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
उद्घाटन समारोह में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। इनमें गृह, कारा एवं आपदा विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार और संस्कृति निदेशक आसिफ एकराम शामिल थे। इनके अलावा खादी बोर्ड के निदेशक आलोक कुमार, उद्योग निदेशक विशाल सागर और सूचना प्रौद्योगिकी निदेशक माधवी मिश्रा भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
पर्यटन विभाग के सचिव मुकेश कुमार और पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश ने भी समारोह में भाग लिया। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनन्य मित्तल तथा झारक्राफ्ट की मैनेजिंग डायरेक्टर गरिमा सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सांस्कृतिक विरासत और सरकारी योजनाओं को एक साथ आम लोगों के सामने प्रस्तुत किया गया।
Read also: Jharkhand Assembly News: ‘अनुदान हमारा अधिकार, भीख नहीं’, विशेष सत्र में प्रस्ताव पास


