विपक्ष के वॉकआउट के बीच MMDR संशोधन एक्ट के खिलाफ संकल्प ध्वनिमत से पारित, सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
Jharkhand Assembly News: झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के अंतिम दिन गुरुवार को एमएमडीआर (MMDR) संशोधन एक्ट के खिलाफ सरकारी प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित हो गया। अब यह पारित प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। इसके साथ ही विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले विपक्ष के वॉकआउट के बीच सदन में सरकार का पक्ष रखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (Hemant Soren) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। अनुदान के मुद्दे पर विपक्ष के सवालों का करारा जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि अनुदान राज्य का संवैधानिक अधिकार है, कोई भीख नहीं। इसलिए केंद्र सरकार को राज्य को अनुदान देना ही पड़ेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुदान से मिलने वाली राशि कोई अतिरिक्त पैसा नहीं है, बल्कि यह राज्य के नुकसान की क्षतिपूर्ति है।
Jharkhand Assembly News: व्यापारियों के हित में लाया गया संशोधन, 1.36 लाख करोड़ बकाये का उठा मुद्दा
सदन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने एमएमडीआर संशोधन एक्ट केवल व्यापारियों के हित को साधने के लिए लाया है। उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार कानूनी रूप से राज्यों को रोक नहीं सकी, तो उसने एक्ट में ही संशोधन कर दिया। केंद्र पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि देश की मौजूदा केंद्र सरकार मजबूत नहीं, बल्कि एक मजबूर सरकार है।
मुख्यमंत्री ने कोयले की रॉयल्टी के तौर पर बकाया 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये का मुद्दा भी जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य एमएमडीआर से पैसा कमाना या सेस के जरिए खजाना भरना नहीं है, बल्कि खनन से प्रभावित क्षेत्रों और पर्यावरण को हुए नुकसान की भरपाई करना है। कोर्ट से राहत मिलने के बाद जब क्षतिपूर्ति की मांग तेज हुई, तो नए कानून के जरिए राज्य के हाथ बांधने की कोशिश की गई। राज्य सरकार इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और कानूनी सलाह ले रही है। सीएम ने यह भी कहा कि झारखंड देश से बाहर नहीं है और हम देश के विकास में रोड़ा नहीं बनना चाहते, लेकिन केंद्र सरकार केंद्रीकृत व्यवस्था की ओर बढ़ रही है।
Jharkhand Assembly News: हर साल 13 हजार करोड़ के नुकसान की आशंका, विपक्ष के वॉकआउट पर जताई चिंता
सदन की कार्यवाही शुरू होने पर मुख्यमंत्री ने एमएमडीआर संशोधन पर संकल्प पेश करते हुए कहा कि इस कानून से राज्यों की खनिज भूमि पर कर और सेस लगाने की शक्तियां सीमित कर दी गई हैं। इससे झारखंड को प्रतिवर्ष करीब 13 हजार करोड़ रुपये के भारी राजस्व नुकसान की आशंका है। समय पर अनुदान नहीं मिलने के कारण ही राज्य ने अपने राजस्व स्रोत विकसित किए और जनकल्याणकारी योजनाएं चलाईं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खनन कंपनियां न्यायालय जाती हैं, तो उन्हें और भी अधिक क्षतिपूर्ति देनी पड़ सकती है।
विपक्ष के सदन से वॉकआउट करने पर मुख्यमंत्री ने गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि राज्य हित के इस मुद्दे पर विपक्ष सहयोग का भाव दिखाएगा, लेकिन वे सदन से बाहर चले गए। सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि संवेदनशील विषयों पर सदन में विपक्ष का यह रवैया है, तो परिवार में कोई संवेदनशील बात आने पर उनका व्यवहार कैसा होता होगा।
संविधान दिवस का किया स्मरण, SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल
विशेष सत्र के समापन दिन संविधान दिवस के संयोग का उल्लेख करते हुए हेमंत सोरेन ने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश ने संविधान को अंगीकार किया था। संविधान की प्रस्तावना के शब्द ‘हम भारत के लोग’ के मायने बेहद व्यापक हैं और राज्य सरकार अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर भी केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने एसआइआर पर बड़ी चतुराई से काम किया है। जब चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं, तो कोई जवाब देने को तैयार नहीं होता। सीएम ने कहा कि एसआइआर के तहत राज्य के 63 लाख लोगों को नोटिस दिया गया है और इस पूरी प्रक्रिया का अनावश्यक आर्थिक बोझ भी आम जनता पर ही पड़ेगा।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Assembly Protest: विशेष सत्र के दूसरे दिन विपक्ष का प्रदर्शन


