spot_img
spot_img
HomeBJPRanchi Politics: पत्रकार की गिरफ्तारी पर भड़के मरांडी, नार्को टेस्ट की मांग

Related Posts

Ranchi Politics: पत्रकार की गिरफ्तारी पर भड़के मरांडी, नार्को टेस्ट की मांग

सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा मामले में अभिषेक भारती की गिरफ्तारी पर बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार को घेरा

Ranchi Politics: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म के आरोपों से जुड़ी खबर को उजागर करने वाले पत्रकार की गिरफ्तारी को मरांडी ने लोकतंत्र पर सीधा हमला करार दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बड़ी मांग की है। मरांडी ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में इस मामले में दूध का दूध और पानी का पानी करना चाहती है, तो कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराया जाए। इससे पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने आ सकेगी।

Ranchi Politics: आरोपित विधायक की जगह खबर दिखाने वाले पत्रकार पर कार्रवाई क्यों?

गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कई गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि आखिर आरोपित विधायक पर कार्रवाई करने के बजाय आदिवासी बेटी से दुष्कर्म के मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को ही क्यों गिरफ्तार कर लिया गया।

मरांडी ने कहा कि पुलिस की इस एकतरफा कार्रवाई पर आम जनता को बिल्कुल भरोसा नहीं है। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी ने लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष न्याय व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Ranchi Politics: पुलिसिया कार्रवाई से जनता की आवाज दबा नहीं सकती सरकार

पूर्व मुख्यमंत्री ने अपने बयान में आगे कहा कि लोकतंत्र में सवाल उठाने वालों को जेल में डालना किसी समस्या का समाधान नहीं हो सकता। सत्ता में बैठे लोगों को यह समझना होगा कि जनता की आवाज को पुलिसिया कार्रवाई के दम पर दबाया नहीं जा सकता है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की इस कथित साजिश का भंडाफोड़ जरूर होगा। मरांडी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे सच और न्याय की आवाज हर हाल में बुलंद करते रहेंगे। उन्होंने दोहराया कि आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने की यह लड़ाई अब किसी भी कीमत पर रुकने वाली नहीं है।

जमशेदपुर के बिष्टुपुर से हुई पत्रकार की गिरफ्तारी, जानें क्या है पूरा मामला

गौरतलब है कि सिमडेगा पुलिस ने पाकरटांड़ थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में पत्रकार अभिषेक भारती को गिरफ्तार किया है। सिमडेगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय (मीडिया सेल) की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभिषेक भारती को बुधवार की रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया।

दरअसल, सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली नाबालिग किशोरी के दादा ने पाकरटांड़ थाने में कांड संख्या 25/2026 दर्ज कराई थी। इस प्राथमिकी में दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती पर किशोरी का अपहरण कर दबाव बनाकर विधायक के खिलाफ झूठा बयान दिलवाने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में सिमडेगा पुलिस ने पहले छापेमारी कर दिलीप तिर्की को रांची के जोन्हा जंगल से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद दूसरे नामजद अभियुक्त अभिषेक भारती को जमशेदपुर से पकड़ा गया।

इसे भी पढ़ें : Jharkhand Assembly Protest: विशेष सत्र के दूसरे दिन विपक्ष का प्रदर्शन

Latest Posts