दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन सरकार ने की नए सिरे से SIR कराने की मांग, 38% मतदाताओं के नाम कटने या नोटिस मिलने पर जताई चिंता
Jharkhand Assembly Session: झारखंड विधानसभा (Jharkhand Assembly) के दो दिवसीय विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर सदन के भीतर और बाहर जबरदस्त सियासी घमासान देखने को मिला। संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मौजूदा एसआइआर (SIR) प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए इसे तत्काल रोकने और पारदर्शी नियम बनाकर नए सिरे से कराने संबंधी सरकारी संकल्प सदन के पटल पर रखा। चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदीप यादव ने एसआइआर को भाजपा की साजिश बताते हुए 38 लाख वैध मतदाताओं के नाम काटे जाने का दावा किया, जिस पर बाबूलाल मरांडी भड़क गए। वहीं, सरायकेला विधायक चंपाई सोरेन ने एसआइआर को झारखंड के हित में बताते हुए विपक्ष के विरोध को बेबुनियाद करार दिया।
Jharkhand Assembly Session: 38% मतदाताओं को नोटिस या नाम कटने पर सरकार ने जताई चिंता
सदन में संकल्प पेश करते हुए संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड में बड़े पैमाने पर वैध मतदाताओं को नोटिस भेजे गए हैं। उन्होंने आंकड़े रखते हुए बताया कि राज्य के 2.64 करोड़ मतदाताओं में से 2.21 करोड़ मतदाताओं का नाम ही प्रकाशित किया गया है, यानी करीब 16 प्रतिशत नाम हटा दिए गए हैं। इसके अलावा 27 प्रतिशत मतदाताओं को संदिग्ध मानते हुए नोटिस थमाया गया है।
सरकारी संकल्प में दावा किया गया है कि राज्य के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम या तो सूची से हटाए गए हैं या उन्हें नोटिस मिला है। नोटिस के 75 प्रतिशत से अधिक मामले माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर और उम्र संबंधी तार्किक त्रुटियों से जुड़े हैं। मंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा तय 11 प्रकार के दस्तावेज आदिवासी, दलित, पीवीटीजी (PVTG) समुदाय, बुजुर्गों, विधवा व तलाकशुदा महिलाओं और दूसरे राज्यों में काम करने वाले लाखों प्रवासी मजदूरों के पास उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में उनके मताधिकार से वंचित होने का खतरा बढ़ गया है।
पश्चिम बंगाल में हुए SIR का उदाहरण
पश्चिम बंगाल में हुए एसआइआर का उदाहरण देते हुए संकल्प में कहा गया कि वहां 90 लाख से अधिक नाम हटे और ट्रिब्यूनलों को 38 लाख से अधिक आवेदन मिले। सरकार ने स्पष्ट किया कि वह एसआइआर के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है, बल्कि संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत हर नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रखने के लिए सभी दलों की सहमति और सरल मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के साथ नए सिरे से पुनरीक्षण चाहती है।
Jharkhand Assembly Session: प्रदीप यादव और बाबूलाल में तीखी बहस, सीईसी को हटाने का प्रस्ताव
चर्चा के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी आमने-सामने आ गए। प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि बाबूलाल मरांडी सदन में जनता के बजाय निर्वाचन आयोग का पक्ष रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक गलत मतदाता को खोजने के लिए पूरे देश की जनता को परेशान करना उचित नहीं है और यह भाजपा की साजिश है।
प्रदीप यादव द्वारा मुख्यमंत्री की जगह उनका नाम लिए जाने पर बाबूलाल मरांडी भड़क गए और कड़ी आपत्ति जताई। प्रदीप यादव ने यह भी दावा किया कि 38 लाख वैध मतदाताओं के नाम सूची से काटे गए हैं, जिन्होंने दोबारा नाम जुड़वाने के लिए आवेदन दिया है और इससे जुड़े मामले अदालत में भी लंबित हैं। उधर, चर्चा के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने से जुड़ा प्रस्ताव भी लाया गया। इसका समर्थन करते हुए राजमहल से झामुमो विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने कहा कि उनके क्षेत्र के अंबेडकरनगर में कई मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं और वर्षों से झारखंड में रह रहे गरीब लोगों से पूर्वजों के कागजात मांगे जा रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त और झारखंड के चुनाव आयुक्त पर मतदाताओं को परेशान करने का आरोप लगाते हुए पूछा कि संथालपरगना में कितने घुसपैठिए मिले हैं, यह स्पष्ट किया जाए।
कांग्रेस के राज में भी हुआ था SIR, एनडीए सरकार में हाय-तौबा क्यों: बाबूलाल और चंपाई
विपक्ष की ओर से मोर्चा संभालते हुए नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने विशेष सत्र बुलाने के तरीके पर सवाल उठाए और सरकार पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी एसआइआर होता रहा है, लेकिन अब एनडीए सरकार के समय होने पर सत्ता पक्ष हाय-तौबा मचा रहा है। मरांडी ने स्पष्ट किया कि झारखंड में अगस्त से दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत मुख्य रूप से 2004 से 2026 के बीच दिवंगत हो चुके मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘मोबाइल मतदाताओं’ यानी अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले वैध स्थानीय निवासियों व प्रवासी मजदूरों का नाम किसी भी हाल में नहीं कटना चाहिए और इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। राजमहल विधायक के बयान पर पलटवार करते हुए मरांडी ने कहा कि जमशेदपुर सहित कई जगहों पर वोटर लिस्ट में फर्जी नाम जुड़वाने की खबरें छप चुकी हैं, क्या आयोग को इसकी जांच नहीं करनी चाहिए। वहीं, सदन के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा विधायक चंपाई सोरेन ने भी एसआइआर को राज्य के हित में बताया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से मान्यता प्राप्त इस प्रक्रिया का विरोध कर सत्ता पक्ष अपना डर दिखा रहा है।
इसे भी पढ़ें : Jharkhand High Court: जस्टिस विभु बाखरू होंगे नए चीफ जस्टिस


