आईसीएफएआई विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने 365 विद्यार्थियों को दी उपाधि, 12 स्वर्ण व 11 रजत पदक वितरित
Ranchi Convocation: झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा है कि आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, जैव-प्रौद्योगिकी और अंतरिक्ष विज्ञान जैसे क्षेत्रों में बहुत तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे बदलते परिवेश में युवाओं को निरंतर सीखने, नई तकनीकों को गहराई से समझने और समय की मांग के अनुरूप स्वयं को विकसित करने की सख्त जरूरत है। राज्यपाल गुरुवार को रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 के शौर्य सभागार में इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट्स ऑफ इंडिया (आईसीएफएआई) विश्वविद्यालय, झारखंड के दीक्षांत समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सोच की सीमाओं को तोड़कर नई संभावनाएं तलाशने और अपने ज्ञान व कौशल का उपयोग राष्ट्र तथा समाज की प्रगति के लिए करने का आह्वान किया।
Ranchi Convocation: विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका अहम, संविधान के मूल्यों को अपनाएं
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में आज के युवाओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने संविधान दिवस के पावन अवसर का स्मरण करते हुए कहा कि हमारा संविधान लोकतंत्र के उच्च आदर्शों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों का मजबूत आधार है।
राज्यपाल ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों को प्रत्येक नागरिक को अपने दैनिक आचरण में उतारना चाहिए। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपील की कि वे दूसरों के अधिकारों का पूरा सम्मान करें और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों को लेकर सदैव सजग रहें।
Ranchi Convocation: केवल डिग्री पर्याप्त नहीं, नौकरी मांगने के बजाय रोजगार देने वाले बनें युवा
राज्यपाल ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में केवल डिग्री प्राप्त कर लेना ही पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को उद्योगों और समाज की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक कौशल विकसित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा नौकरी पाने की मानसिकता से ऊपर उठकर उद्यमशीलता की भावना विकसित करें और रोजगार के नए अवसरों का सृजन करने वाले बनें।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्टता के साथ-साथ ईमानदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व को भी सर्वोच्च महत्व देने को कहा। इसके साथ ही राज्यपाल ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से आग्रह किया कि वे स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण, तकनीक और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में शोध और नवाचार को प्रोत्साहित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शोध का लाभ केवल अकादमिक जगत तक सीमित न रहे, बल्कि उसके निष्कर्ष आम समाज के लिए भी उपयोगी सिद्ध होने चाहिए।
365 विद्यार्थियों को मिली डिग्री, मेधावियों को मिले 12 गोल्ड और 11 सिल्वर मेडल
इस दीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न पाठ्यक्रमों के कुल 365 विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें 10 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि से नवाजा गया। इसके अलावा एमबीए के 47, बीबीए के 16, बीबीए (बिजनेस एनालिटिक्स) के 13, बीटेक के 21, बीसीए के 77, डिप्लोमा इन टेक्नोलॉजी के 35, एलएलएम के 40, एलएलबी के 85 और बीबीए-एलएलबी (ऑनर्स) के 21 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई।
समारोह में शैक्षणिक उत्कृष्टता का प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 12 स्वर्ण पदक तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11 रजत पदक प्रदान किए गए। इस गरिमामय अवसर पर मंच पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. टीआरके राव, कुलपति कर्नल रंजीत सिंह और कुलसचिव सुमित कुमार सिंह सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : Karim City College: कैंपस प्लेसमेंट में 28 छात्र शॉर्टलिस्ट


