spot_img
spot_img
HomeझारखंडJPSC News: एल ख्यांग्ते की बेल पर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई

Related Posts

JPSC News: एल ख्यांग्ते की बेल पर हाईकोर्ट में हुई सुनवाई

बिना आदेश शपथ पत्र दाखिल करने पर सरकार से नाराज हुआ कोर्ट, सीआईडी से 9 दिसंबर तक मांगा बिंदुवार जवाब

JPSC News: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा में कथित गड़बड़ी के मामले में जेल में बंद पूर्व मुख्य सचिव और जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल ख्यांग्ते की जमानत याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। अदालत ने इस मामले में राज्य सरकार और सीआईडी को निर्देश दिया है कि वे 9 दिसंबर तक प्रार्थी द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर अपना जवाब दाखिल करें। इसके बाद प्रार्थी को 14 दिसंबर तक सीआईडी के जवाब का प्रतिउत्तर दाखिल करने का समय दिया गया है। अब इस मामले की अगली विस्तृत सुनवाई 16 दिसंबर को निर्धारित की गई है। सुनवाई के दौरान एल ख्यांग्ते की ओर से वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार और अधिवक्ता चंदना कुमारी ने अदालत के समक्ष अपना पक्ष रखा।

JPSC News: बिना आदेश शपथ पत्र दाखिल करने पर हाईकोर्ट ने सरकार पर जताई नाराजगी

सुनवाई के दौरान झारखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। दरअसल, सरकार की ओर से बिना कोर्ट के किसी आदेश के ही मामले में शपथ पत्र दाखिल कर दिया गया था।

इस पर अदालत ने सरकार से सीधा सवाल पूछते हुए कहा कि इस मामले में इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई गई, जबकि कोर्ट ने अभी जवाब दाखिल करने को कहा ही नहीं था। गौरतलब है कि इससे पहले निचली अदालत यानी अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत ने एल ख्यांग्ते की जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। निचली अदालत के इसी आदेश को उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में चुनौती दी है।

JPSC News: टीडीपीएल को परीक्षा का जिम्मा देने और दो करोड़ कमीशन लेने का आरोप

निचली अदालत में सुनवाई के दौरान प्रार्थी के अधिवक्ताओं ने दलील दी थी कि एल ख्यांग्ते के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य नहीं है। यहां तक कि छापेमारी के दौरान भी उनके खिलाफ कोई सबूत बरामद नहीं हुए हैं।

दूसरी ओर, जांच एजेंसी सीआईडी की ओर से अदालत को बताया गया था कि टीडीपीएल कंपनी को परीक्षा आयोजित करने का कार्य सौंपने में एल ख्यांग्ते की मुख्य भूमिका रही है। सीआईडी के अनुसार, टीडीपीएल द्वारा ली जाने वाली परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही थी और इसकी पूरी जानकारी ख्यांग्ते को थी। इसके बावजूद उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। जांच में उन पर टीडीपीएल से कथित तौर पर दो करोड़ रुपये कमीशन लेने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।

किंगपिन अभय तिवारी के स्वीकारोक्ति बयान के बाद हुई थी गिरफ्तारी, अब तक 36 से अधिक जेल में

बता दें कि सीआईडी ने जेपीएससी परीक्षा में हुई अनियमितताओं को लेकर कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया है। इसी मामले के अनुसंधान के क्रम में एजेंसी ने पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ भी की गई थी, जिसके बाद से वे न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।

इस चर्चित नियुक्ति घोटाले में सीआईडी अब तक तीन दर्जन से अधिक आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी के अधिकारियों के समक्ष इस घोटाले के मुख्य सरगना यानी किंगपिन अभय तिवारी ने अपना स्वीकारोक्ति बयान दर्ज कराया है। इस बयान में उसने पूर्व चेयरमैन एल ख्यांग्ते के घोटाले में शामिल होने का स्पष्ट उल्लेख किया है। अभय तिवारी ने यह भी बताया है कि परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी के रूप में टीडीपीएल के चयन में एल ख्यांग्ते की ही अहम भूमिका थी।

इसे भी पढ़ें : Jharkhand Assembly: 13 हजार करोड़ के नुकसान पर सदन में संग्राम

Latest Posts