spot_img
spot_img
HomeझारखंडBishop Onil Tirkey: पूर्व बिशप ओनिल कुमार तिर्की का निधन

Related Posts

Bishop Onil Tirkey: पूर्व बिशप ओनिल कुमार तिर्की का निधन

रांची के संत बरनाबास अस्पताल में ली अंतिम सांस, ईसाई समुदाय में शोक की लहर

Bishop Onil Tirkey: चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया (CNI) के वरिष्ठ धर्मगुरु और दुर्गापुर धर्मप्रांत के पूर्व बिशप ओनिल कुमार तिर्की का निधन हो गया है। उन्होंने रांची के संत बरनाबास अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। वे पिछले एक सप्ताह से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उनका उपचार कर रही थी। उनके निधन की सूचना मिलते ही सीएनआई, रोमन कैथोलिक और जीईएल चर्च समेत तमाम ईसाई समुदायों में शोक की लहर दौड़ गई है। विश्वासियों और चर्च के पदाधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

Bishop Onil Tirkey: मूल रूप से बेड़ो के रहने वाले थे, कडरू में था निवास

स्व. बिशप ओनिल कुमार तिर्की अपने पीछे एक बेटा और दो बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका मूल निवास रांची जिले के बेड़ो प्रखंड स्थित कोलंबाबी गांव में था। हालांकि, वर्तमान में वे रांची के कडरू इलाके में रह रहे थे।

उनके निधन की खबर फैलते ही कडरू स्थित आवास और अस्पताल में श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। चर्च से जुड़े लोगों ने उन्हें एक सरल, मिलनसार और समर्पित धर्मगुरु के रूप में याद किया।

Bishop Onil Tirkey: 1965 में शुरू हुई थी धार्मिक सेवकाई, 1993 में बने थे बिशप

बिशप ओनिल कुमार तिर्की ने चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया में दशकों तक अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दीं। उनकी धार्मिक सेवकाई की शुरुआत वर्ष 1965 में छोटानागपुर धर्मप्रांत में प्रिस्बिटर के रूप में हुई थी। अपनी निष्ठा और कार्यक्षमता के कारण वे लगातार आगे बढ़ते रहे।

वर्ष 1993 में उन्हें एपिस्कोपल सेवकाई के लिए चुना गया। इसके बाद 1993 से 1996 तक उन्होंने दुर्गापुर धर्मप्रांत के बिशप के रूप में अपनी जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। इसी अवधि में चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया के तत्कालीन मॉडरेटर ने उन्हें नवस्थापित ‘सीएनआई मिनिस्ट्री टू चिल्ड्रेन’ के पूर्णकालिक कोऑर्डिनेटर का दायित्व सौंपा था। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों के बीच चर्च की सेवकाई को आगे बढ़ाना था। हालांकि, पत्नी की गंभीर बीमारी और वर्ष 2000 में उनके निधन के कारण वे इस जिम्मेदारी को आगे जारी नहीं रख सके।

बाइबल सोसायटी में दी सेवाएं, कांटाटोली कब्रिस्तान में होगा अंतिम संस्कार

धर्मप्रांत की जिम्मेदारियों के अलावा बिशप ओनिल कुमार तिर्की ने अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों में भी योगदान दिया। उन्होंने वर्ष 1996 से 2004 तक बाइबल सोसायटी ऑफ इंडिया के बिहार ऑक्सिलरी सेक्रेटरी के रूप में अपनी सेवाएं दीं।

65 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद वे इस पद से सेवानिवृत्त हुए थे। अपनी धार्मिक सेवकाई के साथ-साथ उन्होंने अपने प्रभावशाली उपदेशों और कलीसियाई नेतृत्व को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार रांची के कांटाटोली स्थित कब्रिस्तान में किए जाने की संभावना है।

इसे भी पढ़ें : Jharkhand Assembly News: ‘अनुदान हमारा अधिकार, भीख नहीं’, विशेष सत्र में प्रस्ताव पास

Latest Posts