डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल, परिजनों को खुद ही करनी पड़ी प्रसूता को लेबर रूम ले जाने की व्यवस्था
MGMH Jamshedpur: जमशेदपुर के डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल (MGM Medical College And Hospital) में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली का एक और गंभीर मामला सामने आया है। बुधवार शाम चाईबासा सदर अस्पताल से रेफर होकर एमजीएम पहुंची एक गर्भवती महिला ने रास्ते में ही एंबुलेंस के अंदर एक बच्ची को जन्म दे दिया। हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल परिसर पहुंचने के बाद भी जच्चा और नवजात को तत्काल चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी। प्रसूता के परिजन करीब 15 मिनट तक स्वास्थ्यकर्मियों के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन प्रसव कक्ष से कोई नर्स नीचे नहीं उतरी। हद तो तब हो गई जब महिला को एंबुलेंस से नीचे उतारने के लिए स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं कराया गया।
MGMH Jamshedpur: कांड्रा के पास एंबुलेंस में ही हो गया था प्रसव
मिली जानकारी के अनुसार, चाईबासा सदर अस्पताल से रेफर की गई दो गर्भवती महिलाओं को बुधवार शाम करीब 5:15 बजे एंबुलेंस से डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल लाया गया था। इनमें कोंदुबेड़ा निवासी सुकमती पूर्ति (पति पुत्कर पूर्ति) भी शामिल थीं। जमशेदपुर पहुंचने से पहले ही कांड्रा के समीप रास्ते में सुकमती को तेज प्रसव पीड़ा हुई और उन्होंने एंबुलेंस में ही एक बच्ची को जन्म दे दिया।
अस्पताल पहुंचते ही परिजनों ने आनन-फानन में गेट पर तैनात होमगार्ड जवानों को इस आपात स्थिति की जानकारी दी। होमगार्ड जवानों की ओर से दूसरे तल्ले पर स्थित प्रसव कक्ष की एएनएम (नर्स) को तत्काल सूचना भेजी गई। परिजन इस उम्मीद में एंबुलेंस के पास खड़े रहे कि स्वास्थ्यकर्मी नीचे आकर प्रसूता और नवजात को सुरक्षित प्रसव कक्ष तक ले जाएंगे, लेकिन 15 मिनट से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई मदद के लिए नहीं आया।
MGMH Jamshedpur: बिना नाल कटे नवजात को खुद स्ट्रेचर पर ले गए परिजन
स्वास्थ्यकर्मियों की इस बेरुखी से परेशान होकर परिजनों को खुद ही प्रसूता को एंबुलेंस से उतारने की व्यवस्था करनी पड़ी। स्ट्रेचर नहीं मिलने पर परिजनों ने पहले महिला को व्हीलचेयर पर बैठाकर उतारने की कोशिश की। इसी दौरान पास में एक खाली स्ट्रेचर दिखाई देने पर परिजनों ने किसी तरह महिला को उस पर लिटाया और लिफ्ट के सहारे खुद ही दूसरे तल्ले पर स्थित प्रसव कक्ष तक पहुंचाया।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सबसे चिंताजनक और संवेदनशील बात यह रही कि नवजात बच्ची की नाल तक नहीं काटी गई थी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद काफी देर तक कोई स्वास्थ्यकर्मी सुध लेने नहीं आया। बाद में जब एक नर्स नीचे पहुंची, तब तक परिजन महिला को प्रसव कक्ष में लेकर जा चुके थे।
जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ, आपातकालीन व्यवस्था पर खड़े हुए गंभीर सवाल
परिजनों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि चाईबासा से जमशेदपुर आने के दौरान रास्ते में ही एंबुलेंस में डिलीवरी हो गई थी। ऐसी नाजुक स्थिति में अस्पताल पहुंचते ही तत्काल डॉक्टर और नर्स की मदद मिलनी चाहिए थी, लेकिन उन्हें खुद ही सारी भागदौड़ करनी पड़ी।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि प्रसव कक्ष में भर्ती होने के बाद आवश्यक उपचार मिला और जच्चा व बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर नए बने डिमना एमजीएम अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था, स्टाफ की संवेदनशीलता और मरीजों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
इसे बी पढ़ें : Jamshedpur School Van: स्कूली वाहनों पर शिकंजा, सेफ्टी की सघन जांच


