spot_img
spot_img
Homeपलामू प्रमंडलगढ़वाChiyanki Airport: हवाई सेवा शुरू कराने को सांसद ने राज्य सरकार से...

Related Posts

Chiyanki Airport: हवाई सेवा शुरू कराने को सांसद ने राज्य सरकार से मांगा सहयोग

पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने नागरिक विमानन निदेशक व वित्त मंत्री से की मुलाकात, उड़ान योजना में शामिल करने का आग्रह

Chiyanki Airport: पलामू और गढ़वा जिले के निवासियों को जल्द हवाई सेवा की सौगात दिलाने के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने मेदिनीनगर स्थित चियांकी एयरपोर्ट के विकास और यहां से नियमित वाणिज्यिक उड़ानें शुरू कराने को लेकर राज्य सरकार से सहयोग मांगा है। इस सिलसिले में उन्होंने रांची में झारखंड सरकार के परिवहन एवं नागरिक विमानन विभाग के निदेशक (ऑपरेशंस) से मुलाकात की। बैठक के दौरान सांसद ने एयरपोर्ट की मौजूदा कमियों को दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने इसे केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ योजना के आगामी चरण में शामिल कराने के लिए राज्य सरकार से आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। इस संबंध में सांसद के निजी सचिव ने गुरुवार को विस्तृत जानकारी साझा की।

Chiyanki Airport: केंद्र सरकार वहन करेगी भूमि अधिग्रहण और विस्तार का खर्च

सांसद विष्णु दयाल राम ने बताया कि आरसीएस-उड़ान योजना के चरण 4.2 के तहत मेदिनीनगर के चियांकी एयरपोर्ट को विकास और क्षेत्रीय उड़ानों के परिचालन के लिए चिह्नित किया गया था। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से समय पर आवश्यक भूमि उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण इस परियोजना में अब तक अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी।

अब केंद्र सरकार ने उड़ान योजना के आगामी चरण में ‘चैलेंज मोड फ्रेमवर्क’ की नई व्यवस्था लागू की है। इस व्यवस्था के तहत भूमि अधिग्रहण और एयरपोर्ट विस्तार पर होने वाला पूरा खर्च केंद्र सरकार स्वयं वहन करेगी। ऐसे में राज्य सरकार के पास सुनहरा अवसर है कि वह क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की जरूरत को देखते हुए चियांकी एयरपोर्ट को विकास के लिए नामित करे।

Chiyanki Airport: निरीक्षण में उजागर हुई बदहाली, परिसर में हो रहा अतिक्रमण

सांसद ने एयरपोर्ट की जमीनी हकीकत और निरीक्षण के दौरान सामने आई गंभीर कमियों से भी अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट के मुख्य प्रवेश द्वार पर चियांकी एयरपोर्ट का सूचना बोर्ड तक नहीं लगा है। इसके अलावा एप्रन और रनवे में पेवमेंट का कार्य भी अभी तक शुरू नहीं हो पाया है।

सांसद के अनुसार, एयरपोर्ट की पुरानी चहारदीवारी के दक्षिणी हिस्से में पांच से छह जगहों पर दीवार तोड़ी गई है। सुरक्षा के अभाव में पूरे परिसर का अनधिकृत इस्तेमाल हो रहा है। वहां स्थानीय स्तर पर भैंसें बांधी जा रही हैं, गोबर जमा किया जा रहा है और सब्जियों की खेती की जा रही है। वहीं, नवनिर्मित चहारदीवारी को भी अज्ञात तत्वों ने करीब 4×5 फीट के हिस्से में क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिसकी मरम्मत बाद में संवेदक द्वारा कराई गई।

वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने दिया निरीक्षण और कार्रवाई का भरोसा

चियांकी एयरपोर्ट की इन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सांसद विष्णु दयाल राम ने राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर से भी हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। इस पर वित्त मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए ठोस आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा है कि वे जल्द ही पलामू के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के साथ स्वयं चियांकी एयरपोर्ट का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और वहां मिली कमियों को दूर कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेंगे।

सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि चियांकी एयरपोर्ट से नियमित वाणिज्यिक उड़ान शुरू होना पूरे पलामू और गढ़वा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे व्यापार, पर्यटन, उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने राज्य सरकार से आवश्यक भूमि और दस्तावेज उपलब्ध कराकर इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है।

इसे भी पढ़ें : Koderma Fire Incident: रेलवे ब्रिज के नीचे 3 दुकानों में लगी आग, 5 लाख का नुकसान

Latest Posts