spot_img
spot_img
HomeJMMJamshedpur News: कुणाल षाड़ंगी ने Tata Steel के एमडी से की कई...

Related Posts

Jamshedpur News: कुणाल षाड़ंगी ने Tata Steel के एमडी से की कई मुद्दों पर बात

यातायात, पार्किंग, औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली और ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर हुई चर्चा, धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के लिए मांगा सहयोग

Jamshedpur News: जमशेदपुर और पूरे पूर्वी सिंहभूम जिले के बुनियादी विकास को नई गति देने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने टाटा स्टील के ग्लोबल सीईओ सह प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन से एक अहम मुलाकात की। इस भेंट के दौरान उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग, औद्योगिक बिजली आपूर्ति और ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई जनहित के मुद्दे उठाए। साथ ही, बहुप्रतीक्षित धालभूमगढ़ एयरपोर्ट के निर्माण में टाटा समूह से सक्रिय सहयोग करने का आग्रह भी किया।

Jamshedpur News: शहर के जाम से मुक्ति और पार्किंग पर विशेष जोर

मुलाकात के दौरान कुणाल षाड़ंगी ने जमशेदपुर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों की बिगड़ती यातायात व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने बिष्टुपुर, साकची और रीगल ग्राउंड जैसे व्यस्त बाजारों में लगने वाले जाम और पार्किंग की समस्या को प्रमुखता से रखा। षाड़ंगी ने कहा कि टाटा लीज की शर्तों के मुताबिक पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा होनी चाहिए। इसे जमीन पर सख्ती और प्रभावी ढंग से लागू करने की जरूरत है।

इसके अलावा, उन्होंने शहर में व्यावसायिक और भारी वाहनों के लिए तय ‘नो-एंट्री’ के समय की व्यावहारिक समीक्षा करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक माल ढुलाई के लिए शहर से अलग एक विशेष ट्रैफिक कॉरिडोर विकसित किया जाना चाहिए। इससे आम लोगों को रोजमर्रा के जाम से बड़ी राहत मिलेगी और शहर का यातायात सुगम होगा।

Jamshedpur News: ग्रामीण इलाकों में गैर-लाभकारी अस्पताल खोलने का आग्रह

स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर चर्चा करते हुए पूर्व विधायक ने टाटा समूह की सामाजिक पहल का जिक्र किया। उन्होंने टाटा समूह के चेयरमैन नोएल टाटा द्वारा देशभर में 40 से 50 गैर-लाभकारी अस्पताल खोलने की योजना का हवाला दिया। इसी तर्ज पर उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण इलाकों में भी एक आधुनिक जनरल अस्पताल स्थापित करने का आग्रह किया।

षाड़ंगी ने एक व्यावहारिक मॉडल भी सुझाया। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में आर्थिक रूप से सक्षम मरीजों से जो शुल्क लिया जाए, उसका इस्तेमाल गरीब और जरूरतमंद मरीजों के मुफ्त या सस्ते इलाज में किया जा सकता है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर इलाज के लिए शहर की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट और औद्योगिक बिजली आपूर्ति पर भी हुई बात

धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना की ताजा स्थिति साझा करते हुए षाड़ंगी ने बताया कि इसकी बाधाएं अब दूर हो रही हैं। केंद्र सरकार की ओर से पर्यावरण और वन्यजीव से जुड़े 19 सवाल पूछे गए थे। इन सभी सवालों के जवाब तैयार कर स्टेज-1 क्लियरेंस के लिए केंद्र को भेजे जा चुके हैं। उन्होंने टाटा समूह से इस एयरपोर्ट के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट बनने से पूरे कोल्हान क्षेत्र में हवाई संपर्क बढ़ेगा और व्यापार, पर्यटन व उद्योगों को नई रफ्तार मिलेगी।

बिजली की समस्या पर बात करते हुए उन्होंने सरायकेला-खरसावां जिले का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि उसी तर्ज पर पूर्वी सिंहभूम के शहरी सीमा से बाहर स्थित चिन्हित औद्योगिक क्षेत्रों में भी टाटा पावर या जुस्को के जरिए बिजली आपूर्ति का विकल्प मिलना चाहिए। इसके लिए उन्होंने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के साथ समन्वय बनाकर पहल करने का सुझाव दिया। अंत में कुणाल षाड़ंगी ने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार औद्योगिक निवेश और जनसुविधाओं के हर सकारात्मक कदम में टाटा समूह के साथ खड़ी है।

इसे भी पढ़ें : AIIMS Fetal Surgery: एम्स दिल्ली ने रचा इतिहास, गर्भ में ही शिशु की रीढ़ की सर्जरी

Latest Posts