spot_img
spot_img
Homeझारखंडउत्तरी छोटानागपुरHazaribagh Youth: दुबई में लापता हुआ युवक, परिजनों ने लगाई गुहार

Related Posts

Hazaribagh Youth: दुबई में लापता हुआ युवक, परिजनों ने लगाई गुहार

गोरहर का मुकेश 9 नवंबर से लापता, विदेश मंत्रालय से सुरक्षित वापसी की अपील

Hazaribagh Youth: हजारीबाग (Hazaribagh) के युवक के दुबई में अचानक लापता होने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बेहतर रोजगार और अपने परिवार की माली हालत सुधारने का सपना लेकर विदेश गया युवक मुकेश कुमार रहस्यमय ढंग से गायब हो गया है। गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरहर गांव का रहने वाला 25 वर्षीय मुकेश 9 नवंबर से लापता है। कई दिनों से उससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। ऐसे में उसकी पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजन किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं। पीड़ित परिवार ने राज्य और केंद्र सरकार से मुकेश की तलाश कर उसे सकुशल स्वदेश वापस लाने की मार्मिक अपील की है।

Hazaribagh Youth: 28 अक्टूबर को गया था दुबई, 7 को हुई आखिरी बात

गोरहर गांव निवासी सुकर महतो का पुत्र मुकेश कुमार 28 अक्टूबर 2026 को काम की तलाश में दुबई गया था। दुबई पहुंचने के बाद शुरुआती दिनों में उसकी अपने परिवार से नियमित बातचीत होती रही। परिजनों के मुताबिक 7 नवंबर को मुकेश से आखिरी बार फोन कॉल पर बात हुई थी। इसके बाद से उसका कुछ अता-पता नहीं चल रहा है। दुबई में मुकेश के साथ एक ही कमरे में रहने वाले अन्य लोगों ने परिजनों को अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 9 नवंबर को मुकेश किसी काम से कमरे से बाहर निकला था। इसके बाद वह वापस कमरे पर नहीं लौटा। तब से उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है।

Hazaribagh Youth: पत्नी और दो मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

मुकेश के अचानक लापता होने से घर में मातमी सन्नाटा पसरा है। उसकी पत्नी गुड़िया देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मुकेश के दो छोटे मासूम बच्चे हैं। बड़ा बेटा यश कुमार अभी महज ढाई साल का है। वहीं छोटा बेटा मुनेश कुमार सिर्फ सात महीने का है। परिवार के सामने अब सबसे बड़ी चिंता मुकेश की सलामती को लेकर है। परिजन अपने स्तर से दुबई में मौजूद अन्य परिचितों के जरिए जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। माता-पिता बेटे की सुरक्षित घर वापसी के लिए हर दरवाजे पर गुहार लगा रहे हैं।

विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

प्रवासी मजदूरों के हितों के लिए लगातार आवाज उठाने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। उन्होंने केंद्र सरकार, विदेश मंत्रालय और दुबई स्थित भारतीय दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। सिकन्दर अली ने कहा कि रोजगार के लिए विदेश जाने वाले भारतीय श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। संबंधित एजेंसियां मुकेश की तलाश के लिए अविलंब कदम उठाएं और उसकी सुरक्षित वापसी की व्यवस्था करें। इधर पंचायत समिति सदस्य लखन कुमार महतो ने भी युवक के गायब होने पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने विदेश मंत्रालय से ठोस पहल करने की अपील की है। साथ ही पीड़ित परिवार ने स्थानीय जिला प्रशासन से भी सार्थक सहयोग का आग्रह किया है।

इसे भी पढ़ें : Jallianwala Bagh Express: सर्दियों में भी चलेगी जलियांवाला बाग एक्सप्रेस

Latest Posts