बुधवार से लापता थे बाबी चंद और रशपाल कुमार, शरीर पर गोलियों के निशान से आतंकी हत्या की आशंका
Kishtwar SPO Murder: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ा जिसे दिल दहला देने वाली घटनासाम ने आई है। जिले के दूरदराज दच्छन इलाके के घने जंगलों से गुरुवार को दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) के शव बरामद किए गए। मृतक जवानों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। दोनों जवान बुधवार से ही संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे। बरामद किए गए दोनों शवों के शरीर पर गोलियों के कई गहरे निशान मिले हैं। इस स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों ने पहले दोनों का अपहरण किया। इसके बाद उन्हें जंगल में ले जाकर गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
Kishtwar SPO Murder: पहले धरना-मरवाह जा रहे थे दोनों जवान
घटनाक्रम के अनुसार दोनों जवान स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) से जुड़े थे और कियार पुलिस चौकी में तैनात थे। बुधवार को एसपीओ बाबी चंद और रशपाल कुमार अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की एक चौकी की ओर जा रहे थे। इसी सफर के दौरान दच्छन के दुर्गम क्षेत्र से दोनों अचानक लापता हो गए। जब वे तय समय पर अपनी मंजिल तक नहीं पहुंचे, तो अधिकारियों ने उनके मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया। काफी देर तक फोन मिलाने के बावजूद दोनों के नंबर बंद मिले। इसके बाद अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों ने तुरंत बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
Kishtwar SPO Murder: ड्रोन और खोजी कुत्तों से छानबीन, दो किमी दूर मिले शव
सुरक्षा बलों ने रात से ही जंगलों और पहाड़ी दर्रों को घेर लिया था। तलाशी अभियान में आधुनिक ड्रोन कैमरों और प्रशिक्षित खोजी कुत्तों की भी मदद ली गई। सघन जांच के बीच गुरुवार सुबह जंगल के भीतर दोनों जवानों के शव बरामद हुए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक जहां से दोनों जवान लापता हुए थे, उससे करीब दो किलोमीटर दूर उनके शव पड़े मिले। ग्रेटर कश्मीर और नवभारत लाइव के अनुसार दोनों पुलिसकर्मियों के सर्विस हथियार भी गायब हैं। यह तथ्य इस बात की ओर साफ इशारा करता है कि वारदात के पीछे हथियारबंद आतंकी गिरोह का हाथ है।
दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर घेराबंदी, आतंकियों की तलाश में उतरीं विशेष टीमें
बता दें कि किश्तवाड़ जम्मू संभाग का एक बेहद पहाड़ी और संवेदनशील जिला है। यहां के कई हिस्से ऊंचे पहाड़ों और घने जंगलों से घिरे हुए हैं। दच्छन भी इसी जिले का एक बेहद दुर्गम इलाका माना जाता है, जिसका फायदा आतंकी अक्सर छिपने के लिए उठाते हैं। दोनों जवानों के शव मिलने के बाद सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने आतंकियों की तलाश और तेज कर दी है। जंगलों और पहाड़ी रास्तों की घेराबंदी कर विशेष टीमें तैनात की गई हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी है, ताकि इस वारदात को अंजाम देने वाले आतंकियों को जल्द से जल्द ढूंढ निकाला जाए।
Read also: Khunti Elephant: खूंटी में करंट से दंतैल हाथी की मौत


