- पुलिस बनकर ठगी का चौंकाने वाला मामला
Khunti : जिले के खूंटी थाना क्षेत्र में ठगी का एक अनोखा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां दो ठगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर एक एलआईसी एजेंट से लाखों की ठगी कर ली।
जांच के बहाने ली अंगूठियां
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खूंटी निवासी संतोष सिंह, जो एलआईसी एजेंट हैं, सोमवार को तोरपा रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए पूछताछ करने लगे। ठगों ने संतोष सिंह के हाथ में पहनी सोने की अंगूठियों को देखकर कहा कि इस तरह खुले में सोना पहनना मना है और जांच के नाम पर अंगूठियां अपने हाथ में ले लीं।
चालाकी से बदली अंगूठियां
बातचीत के दौरान एक ठग अंगूठियों को देखने लगा, जबकि दूसरा कागज पर कुछ लिखने का नाटक करता रहा। कुछ देर बाद उन्होंने अंगूठियां वापस कर दीं। उस समय संतोष सिंह को कोई शक नहीं हुआ और वे घर लौट गए।
घर पहुंचने पर खुला राज
घर पहुंचकर जब उन्होंने अंगूठियों को ध्यान से देखा तो पता चला कि असली सोने की अंगूठियों की जगह पीतल की अंगूठियां दे दी गई हैं। इस ठगी से उन्हें करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ।
दो दिन बाद दर्ज कराई शिकायत
घटना के दो दिन बाद संतोष सिंह ने खूंटी थाना में अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस की अपील
थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपनी कीमती वस्तुएं न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Also Read : Jamshedpur School News: एमएनपीएस में अग्नि सुरक्षा सशक्तिकरण सत्र आयोजित, छात्रों को आपातकालीन प्रशिक्षण



