spot_img
spot_img
HomecrimeGumla Road Accident: बाइक हादसे में दो की मौत, एक घायल

Related Posts

Gumla Road Accident: बाइक हादसे में दो की मौत, एक घायल

चैनपुर के डडगांव मोड़ के पास तेज हेडलाइट से बिगड़ा संतुलन, धान मिसकर लौट रहे थे तीनों युवक

Gumla Road Accident: झारखंड के गुमला जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। चैनपुर थाना क्षेत्र के डडगांव मोड़ के समीप हुए इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर बैठा उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घायल युवक का इलाज फिलहाल गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है।

Gumla Road Accident: धान मिसकर आधी रात को घर लौट रहे थे तीनों दोस्त

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, नीचे खटगा गांव निवासी पुनीत एक्का (23 वर्ष, पिता स्व. कमलचंद एक्का), विकास कुजूर (21 वर्ष, पिता स्व. वाल्टर कुजूर) और कुलदीप टोप्पो (30 वर्ष, पिता सुनील टोप्पो) आपस में अच्छे मित्र थे। तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल (जेएच07एन-3850) पर सवार होकर चैनपुर थाना क्षेत्र के रातु गम्हरिया गांव में धान मिसने के लिए गए थे।

खेती का काम पूरा करने के बाद तीनों शुक्रवार की आधी रात को वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डडगांव मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन की तेज हेडलाइट की रोशनी सीधे बाइक चालक की आंखों पर पड़ी। इससे चालक की आंखें चौंधिया गईं और मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया। बेकाबू होकर बाइक सीधे सड़क पर जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि पुनीत एक्का और विकास कुजूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

Gumla Road Accident: कुलदीप के पैर में फ्रैक्चर, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज

दुर्घटना में तीसरे युवक कुलदीप टोप्पो को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर हो गया है और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गहरे जख्म हैं। बता दें कि दोनों मृतक और घायल युवक रायडीह प्रखंड के सुरसांग थाना क्षेत्र स्थित नीचे खटगा गांव के ही रहने वाले हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) विजय उरांव और सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) धर्मपाल लुगुन पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल कुलदीप को तुरंत चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. प्रभात ने उसका प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे गए शव, गांव में पसरा मातम

चिकित्सकों ने जांच के बाद पुनीत और विकास की मौत की आधिकारिक पुष्टि की। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

एक ही गांव के दो नौजवानों की असमय मौत से नीचे खटगा गांव और आसपास के क्षेत्रों में गहरा मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल चैनपुर थाना पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन कर रही है।

इसे भी पढ़ें : Khunti Krishi Mela: कर्रा में लगा कृषि मेला, किसानों को मिली सौगात

Latest Posts