चक्रवाती तूफान अकवान के असर से कई जिलों में बारिश, 23 नवंबर तक छाए रहेंगे बादल, घने कोहरे से दिन में छाया अंधेरा
Jharkhand Weather Update: चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के व्यापक प्रभाव से झारखंड का मौसम पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में हुई बारिश के कारण तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पारा लुढ़कने से पूरे राज्य में अचानक ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग (IMD) ने आगामी 23 नवंबर तक रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 24 नवंबर से मौसम के फिर से साफ होने का अनुमान लगाया गया है।
Jharkhand Weather Update: घने कुहासे से दिन में अंधेरा, हेडलाइट जलाकर चले वाहन
शनिवार की सुबह से ही राजधानी रांची और आसपास के ग्रामीण व शहरी इलाकों में रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश के साथ-साथ घना कुहासा छाए रहने के कारण दोपहर के समय भी शाम जैसा अंधेरा छाया रहा।
सड़कों पर दृश्यता (विजिबिलिटी) काफी कम हो गई थी। इसके चलते दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को दिन के उजाले में भी गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर चलने को मजबूर होना पड़ा। अचानक बढ़ी इस कनकनी और ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा लेते नजर आए।
Jharkhand Weather Update: रांची में छह डिग्री लुढ़का पारा, प्रमुख शहरों का गिरा तापमान
मौसम में आए इस अचानक बदलाव का सीधा असर राज्य के प्रमुख शहरों के तापमान पर देखने को मिला है। शुक्रवार की तुलना में शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री से सीधे गिरकर करीब 20.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
इसी तरह, राज्य के अन्य जिलों में भी पारा नीचे गया है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान में चार डिग्री, डाल्टनगंज में तीन डिग्री, बोकारो में दो डिग्री और चाईबासा में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान पूर्वी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर में 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, सबसे कम तापमान लातेहार में 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जानिए राज्य के प्रमुख जिलों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान
मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को राज्य के प्रमुख शहरों के तापमान में काफी उतार-चढ़ाव रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लौहनगरी जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 19.8 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा बोकारो में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री और न्यूनतम 20.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 21.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
इसे भी पढ़ें : Palamu Road Accident: तिलक से लौट रही कार पलटी, 1 की मौत, 5 घायल


