spot_img
spot_img
HomeBJPAyush Hospital Jamshedpur: अधूरे आयुष अस्पताल के उद्घाटन पर भाजपा का विरोध,...

Related Posts

Ayush Hospital Jamshedpur: अधूरे आयुष अस्पताल के उद्घाटन पर भाजपा का विरोध, नंदजी प्रसाद ने उठाए सवाल

निरीक्षण के बाद विधायक सरयू राय द्वारा उद्घाटन से इनकार करने का किया स्वागत, प्रशासन से पूरी व्यवस्था के बाद ही लोकार्पण की मांग

​Ayush Hospital Jamshedpur: जमशेदपुर में आयुष अस्पताल भवन के प्रस्तावित उद्घाटन को लेकर राजनीति तेज हो गई है। झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल भवन के उद्घाटन के नाम पर जनता के साथ फिर से छल करने की तैयारी की जा रही है। नंदजी प्रसाद ने कहा कि राज्य के स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं और सरकारी स्तर पर जनता के पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है। भाजपा ने स्पष्ट किया है कि जब तक अस्पताल में सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं पूरी नहीं हो जातीं, तब तक इसका उद्घाटन नहीं होना चाहिए।

​Ayush Hospital Jamshedpur: विधायक सरयू राय के फैसले का भाजपा ने किया स्वागत

​प्रेस विज्ञप्ति में नंदजी प्रसाद ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के कदम की सराहना की है। उन्होंने कहा कि विधायक सरयू राय धन्यवाद के पात्र हैं, जिन्होंने आयुष अस्पताल भवन के उद्घाटन से पहले स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण किया।

​निरीक्षण के दौरान कमियां और अधूरी तैयारियां पाए जाने के बाद विधायक ने इस भवन का उद्घाटन करने से साफ मना कर दिया। नंदजी प्रसाद ने कहा कि जनप्रतिनिधि की इस सतर्कता से अधूरे अस्पताल को जनता के सुपुर्द करने की कोशिश पर रोक लगी है।

​Ayush Hospital Jamshedpur: एमजीएम अस्पताल की अधूरी व्यवस्था का उठाया मुद्दा

​भाजपा नेता ने इस दौरान डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल के उद्घाटन का उदाहरण देते हुए राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह खेल पहले भी एक बार हो चुका है। तत्कालीन स्थानीय विधायक और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले जनता को गुमराह करने के उद्देश्य से आनन-फानन में अधूरी व्यवस्था वाले एमजीएम अस्पताल भवन का उद्घाटन कर दिया था।

​नंदजी प्रसाद के अनुसार, उस जल्दबाजी का खामियाजा आज तक जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि पूरे कोल्हान की जनता को भुगतना पड़ रहा है। एमजीएम अस्पताल की स्थिति और चिकित्सा व्यवस्था आज भी पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट पाई है।

​रघुवर दास के शिलान्यास का जिक्र, प्रशासन से उद्घाटन रोकने की मांग

​नंदजी प्रसाद ने याद दिलाया कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कोल्हान की जनता की बेहतर स्वास्थ्य सेवा के लिए एमजीएम अस्पताल के विस्तार और आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था से युक्त अस्पताल निर्माण का शिलान्यास किया था।

​उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान हेमंत सोरेन सरकार में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री, वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है। नंदजी प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अधूरी व्यवस्था वाले आयुष अस्पताल के उद्घाटन का पुरजोर विरोध करती है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि जब तक आयुष अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं पूर्ण नहीं हो जातीं, तब तक इसका उद्घाटन न किया जाए।

इसे भी पढ़ें : RIMS Land Scam: पूर्व LRDC के मानगो आवास पर ACB की छापेमारी

Latest Posts